्रदिवाली पर आग लगने की घटनाओं की आशंका के बीच अग्निशमन विभाग ने शहरी क्षेत्र में 12 और देहात के लिए 10 टीमें गठित कर दी हैं। तंग बाजारों और संकरी गलियों में तेजी से पहुंचने के लिए छोटी फायर गाड़ियों और फायर बाइकों को भी दस्ते में शामिल किया है। जिले के सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया है।
बन्नादेवी फायर स्टेशन के प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि धनतेरस, छोटी दिवाली व दिवाली के लिए शहर में 12 व देहात क्षेत्र में 10 टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें ऐसे स्थान पर मौजूद रहेंगी, जहां से आसानी से किसी भी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचा जा सके।
नुमाइश मैदान समेत सभी आतिशबाजी बाजारों पर दमकल वाहन और स्टाफ तैनात किया गया है। आतिशबाजी विक्रेताओं को भी आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण और बालू रखने का निर्देश दिया गया है। मदद के लिए 112 नंबर डायल कर सकते हैं।