ताला फैक्टरी में त्योहार के चलते अवकाश था। दूसरी मंजिल पर आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से कारखाने के कबाड़ में आग लग गई। आधा घंटे में ही आग पर काबू पा लिया गया।
अलीगढ़ महानगर के सासनी गेट भुजपुरा सराय गढ़ी इलाके में 22 अक्तूबर रात एक ताला फैक्टरी के कबाड़ में आतिशबाजी से आग लग गई। आनन-फानन पहुंची दमकल की मदद से फायर कर्मियों ने आधा घंटे के प्रयास में आग पर काबू पा लिया।
विज्ञापन
सेंटर प्वाइंट निवासी नितिन चंद व सचिन गर्ग की भुजपुरा रोड स्थित सराय गढ़ी में ताला फैक्टरी है। त्योहार के चलते वहां अवकाश था। 22 अक्तूबर रात उन्हें पड़ोसियों की मदद से दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। पुलिस के साथ-साथ फायरकर्मी दमकल सहित पहुंच गए। साथ में स्वामी परिजन भी पहुंच गए।
वहां पहुंचने पर जांच में पाया गया कि दूसरी मंजिल पर आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से कारखाने के कबाड़ में आग लग गई थी। इसे स्थानीय लोगों की सजगता पर आनन-फानन बुझा लिया गया। एफएसओ संजीव सिंह के अनुसार सूचना मिलने पर आधा घंटे में ही आग पर काबू पा लिया गया। आग कबाड़ में लगी थी।