जनरल स्टोर में लगी आग से उठता धुआं।
- फोटो : samvad
शक्तिनगर, नगला मसानी स्थित सोनू जनरल स्टोर में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड को टूटी पुलिया के कारण आग बुझाने के काम में बाधा का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान के पास स्थित चाय की दुकान पर कुछ लोग बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने सोनू जनरल स्टोर से धुआं निकलता देखा। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। पता चला कि दुकान संचालक दीपक उर्फ सोनू खाना खाने के लिए घर गए हुए थे।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को आग की सूचना दी। इस बीच आग लगातार फैलती रही। आसपास के लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शक्तिनगर में टूटी पुलिया के कारण दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के मुताबिक आग से दुकान में रखा जनरल स्टोर का अधिकांश सामान जल गया। इससे दुकानदार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का कारण भी तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।