नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में मंगलवार की रात अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा निकाले गए मशाल जुलूस के दौरान हंगामा और नारेबाजी करने से माहौल बिगड़ गया। हालात को संभालने पहुंची पुलिस से छात्रों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता कर दी। इस मामले में थाना सिविल लाइंस पुलिस ने दो पूर्व छात्रसंघ अध्यक्षों सहित 20 नामजद और 700 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सिविल लाइन इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि छात्रों का जुलूस यूनिवर्सिटी सर्किल तक पहुंचा, जो कि कैंपस के बाहर है। इस दौरान उनसे कैंपस के अंदर ही रहने के लिए कहा गया, जिसको उन्होंने नकार दिया। इस पर एसआई दानिश अली की तहरीर पर धारा 144 का उल्लंघन करने पर दफा 188 और सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों से अभद्रता, धक्का-मुक्की करने पर धारा 353 सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नामजद आरोपियों में निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष सलमान इम्तियाज, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष फैजुल हसन, पूर्व उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान राथर के अलावा आरिफ त्यागी, कानून के छात्र गुफरान, मास्टर ऑफ सोशल वर्क्स के अमीर जैश, कानून के छात्र तौकीर, एमए के उबैदुल्लाह खान, शोध छात्र अलाउद्दीन, जैद शेरवानी, नोमान मसूद, हमजा सुफि यान, फ रहान जुबेरी, मोहम्मद तालिब, इमरान जलाली, कामरान, सलमान, उमर फ ारूक, आमिर मिंटो और शरजील उस्मानी शामिल हैं। इसके अलावा 700 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अब्दुल्ला की छात्राओं ने किया प्रदर्शन: छात्रों की मांग का समर्थन करते हुए अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने भी प्रदर्शन किया। छात्राओं ने नागरिकता संशोधन बिल का विरोध किया। जिसमें मुस्लिमों को नागरिकता देने का कहीं कोई प्रावधान नहीं है। छात्राओं ने एएमयू के छात्रों के प्रदर्शन व जुलूस का समर्थन किया। छात्राओं ने दोपहर बाद तकरीबन ढाई घंटे तक प्रदर्शन किया। छात्राएं इस बिल को वापस लेने और पास होने की स्थिति में इसमें मुस्लिमों को भी शामिल करने की मांग कर रही थी।
कांग्रेस का जुलूस आज
नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में कांग्रेस का जुलूस प्रदर्शन बुधवार को घंटाघर से निकलेगा। जिसमें इस बिल में मुस्लिमों को स्थान नहीं देने, देश में विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का विरोध किया जाएगा। युवा कांग्रेस के नेता गौरांग देव चौहान ने बताया कि जुलूस में केंद्र सरकार के नागरिकता संशोधन बिल का विरोध किया जाएगा।