शनिवार को कक्षा नौ में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्र दीपेश कुमार ने नल पर पानी पीने के बाद अपने हाथ को झटका तो पानी के कुछ छीटें कक्षा नौ में पढ़ने वाले छात्र सचिन पर पड़ गए। इस पर दोनों में कहासुनी होने लगी। यह देखकर दीपेश का दोस्त अखिलेश कुमार यादव पहुंच गया और वह सचिन से कहासुनी करने लगा। इसी बीच लिपिक रवि ठाकुर सचिन का पक्ष का लेते हुए विवाद में कूद पड़े। शनिवार की ही शाम चार बजे कॉलेज की छुट्टी होने के बाद गोपी रोड पर छात्र अखिलेश कुमार यादव और क्लर्क रवि ठाकुर अपने-अपने साथियों के साथ आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसके बाद यह झगड़ा ठाकुर-यादव पक्ष हो गया। इसे झगड़े ने सोमवार को बड़ा रूप ले लिया।
छात्र ने सुबह ही दिया था क्लर्क के खिलाफ प्रार्थना पत्र
सोमवार की सुबह कॉलेज पहुंचने पर छात्र अखिलेश कुमार यादव ने प्रधानाचार्य से मिलकर शनिवार की घटना की जानकारी दी थी। साथ ही क्लर्क रवि ठाकुर के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद प्रार्थना सभा के बाद प्रधानाचार्य ने छात्रों को चेतावनी दी थी कि कोई छात्र कॉलेज के बाहर झगड़ा करता है तो उसे निष्कासित कर दिया जाएगा। कुछ देर बाद ही क्लर्क रवि ठाकुर बाहरी लोगों को लेकर पहुंच गया और कॉलेज के अंदर ही मारपीट शुरू हो गई।
लिपिक ने बाहरी लोगों के साथ आकर कॉलेज में मारपीट की है। चार राउंड फायरिंग की गई। प्रबंधतंत्र को घटना की जानकारी दे दी गई है। वह जो भी निर्णय लेगा उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। -महेश कुमार, प्रधानाचार्य महात्मा गांधी गुरुदत्त स्मारक इंटर कालेज, विजयगढ़