थाना सासनीगेट क्षेत्र की एडीए कॉलोनी में शुक्रवार देर रात पड़ोसी हमलावर ने दंपती व उनकी बेटी के साथ मारपीट की और तमंचे से फायरिंग कर डाली। तीनों छर्रे लगने से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर छेड़छाड़ के एक मुकदमे में फैसले को दबाव बना रहा था और धमकी दे रहा था। पीडि़त पक्ष शाम को ही थाने में शिकायत कर घर लौटा था। इसके कुछ ही देर बाद यह घटना हुई। पीडि़त पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
एडीए की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी एक परिवार की नाबालिग बेटी संग वर्ष 2019 में पड़ोस में रहने वाले साहिल भारद्वाज उर्फ कान्हा ने छेड़छाड़ कर दी थी। इस मामले मे पीडि़त पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। आरोप है कि आरोपी युवक पुराने मुकदमे में फैसले के लिए दबाव बना रहा था। शाम को पीडि़त छात्रा कोचिंग के लिए जा रही थी तभी नामजद युवक ने उसे रोक कर धमकाया।
छात्रा ने घर आकर परिजनों को जानकारी तो वे थाने में शिकायत लेकर पहुंच गए। आरोप है कि जैसे ही छात्रा अपने माता-पिता के साथ घर पहुंची तभी आरोपी युवक घर में घुस आया और छात्रा की मां का हाथ पकड़कर बाहर खींच लाया। विरोध पर गाली-गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान आरोपी तमंचे से धमकाता रहा और फिर गोली चला दी। बीच-बचाव करने पर छात्रा व उसके पिता के साथ भी मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर डाली। इसमें तीनों छर्रे लगने से घायल हो गए।
इस बीच शोर-शराबे पर आरोपी युवक वहां से भाग गया। तीनों घायलों को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां से उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। सासनीगेट के प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से ही विवाद चला आ रहा है। मामले में छात्रा की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी हमलावर घर से फरार है तलाश की जा रही है।