महानगर से सटे क्वार्सी क्षेत्र के गांव चिलकौरा में रविवार दोपहर क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इस झगड़े में दोनों ओर से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। बताया गया है कि एक दिन पहले शनिवार को गांव में इन्हीं दोनों पक्षों में पटाखे चलाने को लेकर विवाद हो गया था, इसी विवाद ने रविवार को मुखर रूप ले लिया।
चिलकौरा में दिवाली की रात कुछ युवक पटाखे चला रहे थे। सुखराम का आरोप है कि इस दौरान उनका बिजली मीटर जानबूझकर पटाखा चलाकर तोड़ा गया। उनके भाई दलवीर की कार के नीचे जानबूझकर पटाखा चलाया गया। इसे लेकर रात में कहासुनी तक बात निपट गई थी। अब रविवार सुबह सुखराम पक्ष के युवक निखिल पुत्र गजेंद्र, अमन पुत्र राकेश व धर्मवीर पुत्र वीरेंद्र प्राइमरी स्कूल के पीछे के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के युवक आ गए और खेलने के दौरान ही रात वाली बात पर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान पहले अमन को पीटा गया, जिसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए। दूसरे पक्ष से भी रवि, मुकेश व नितिन जख्मी हो गए। इंस्पेक्टर छोटेलाल ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है।
शराब के नशे ने कराया पथराव
महानगर के गांधीपार्क के नौरंगाबाद शनिवार सुबह-सुबह रात को शराब के नशे में हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट के दौरान ईंट पत्थर चल गए। इस सूचना पर पहुंची पुलिस को देख दोनों पक्षों के लोग इधर उधर हो गए। बताया गया है कि शुक्रवार रात एक युवक ने नशे में कुछ भला बुरा कह दिया था। उस समय तो बात शांत हो गई थी। मगर शनिवार सुबह फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव हो गया। मगर पुलिस के पहुंचने पर विवाद शांत हो गया। मामले में पुलिस स्तर से कार्रवाई की गई है।
नशे में पंप पर आग लगाने की कोशिश, दो गिरफ्तार
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के कमालपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम नशे में धुत्त तीन युवकों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। इस दौरान युवकों ने मशीन का नोजल सेल्समैन से छीनकर उसमें आग लगाने की कोशिश की। जैसे-तैसे पंप स्टाफ ने युवकों को काबू किया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान एक साथी भागने में सफल रहा। अभय राज निवासी बेलामर्ग विष्णुपुरी का कमालपुर रोड पर एस्सार का पेट्रोल पंप है।
शनिवार शाम उनके पिता पंप पर मौजूद थे। पूजन की तैयारियां चल रही थीं, तभी तीन युवक नशे में अपनी बाइक में तेल भरवाने आए और उनका सेल्समैन से अभद्रता करने पर विवाद हो गया। इस दौरान गाली देते हुए वे सेल्समैन से मारपीट करने लगे। इसी बीच एक एक युवक ने नोजल छीनकर पंप परिसर में पेट्रोल फैला दिया। आग लगाने की कोशिश की। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह राहगीरों, अन्य ग्राहकों की मदद से तीनों को काबू किया गया और पुलिस को खबर दे दी। इनमें से एक भाग गया, जबकि दो पुलिस के हवाले कर दिए गए। इंस्पेक्टर क्वार्सी ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया है।