गांव नगला ब्राह्मण में चल रहे डे-नाइट कबड्डी टूर्नामेंट में रविवार की रात एक बजे अलीगढ़ और छर्रा की टीम के खिलाड़ियों में एक अंक कम होने के विवाद में मारपीट हो गई। पुलिस के पहुंचने पर खिलाड़ी भाग गए। पुलिस ने आयोजक सहित चार लोगों को हवालात में डाल दिया लेकिन बाद में छोड़ दिया।
गांव में रविवार की शाम से कबड्डी टूर्नामेंट शुरू हुआ था, जिसमें भाग लेने के लिए कई टीम पहुंची। पुलिस ने बताया कि रात एक बजे करीब अलीगढ़ और छर्रा के टीम के बीच मैच के दौरान खिलाड़ियों में एक अंक को लेकर विवाद हो गया और दोनों के बीच मारपीट के साथ हंगामा होने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने पर दोनों टीम के खिलाड़ी मौके से भाग गए।
पुलिस ने आयोजक से झगड़ा करने वाले खिलाड़ियों के नाम-पते पूछे तो वह दर्ज नहीं किए थे। पुलिस ने आयोजक सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया। थाना प्रभारी सुमित गोस्वामी ने बताया कि टूर्नामेंट में दो टीमों के बीच झगड़े की सूचना पर पुलिस गई थी। चार लोगों को पकड़ा था लेकिन वह लोग झगड़े में शामिल नहीं थे इस पर उन्हें छोड़ दिया।