अलीगढ़ जिले में बुखार के प्रकोप के बीच डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। 9 अक्टूबर को जिले में डेंगू के दो और मरीज मिले हैं। इस तरह जिले में अब तक 20 डेंगू पीड़ित मिल चुके हैं, जबकि मलेरिया के मरीज भी लगातार सामने आ रहे हैं।
जिले में बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहरी क्षेत्र में भी रोजाना बड़ी संख्या में बुखार के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। 9 अक्टूबर को बागला जिला अस्पताल में बुखार के करीब 550 मरीज पहुंचे। इनमें से करीब 330 मरीजों की पैथोलॉजी लैब में जांच की गई। इन मरीजों की सीबीसी की जांच कराई गई। उन मरीजों की भी जांच कराई गई, जिनको तीन दिन से लगातार बुखार आ रहा है।
इधर, 9 अक्टूबर को डेंगू के दो नए मरीज मिले हैं। सहपऊ के गांव नगला रमजू में 60 वर्षीय वृद्ध और पुरदिलनगर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति डेंगू पीड़ित मिले हैं। पुरदिलनगर निवासी व्यक्ति वर्तमान में अलीगढ़ में रह रहे हैं। उनका इलाज भी अलीगढ़ में ही चल रहा है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ.सूर्यप्रकाश ने बताया कि डेंगू के दौरान मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी आना और आंखों के नीचे दर्द होने की समस्या होती है।