मौसम में परिवर्तन के साथ बुखार और डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। कस्बा के साथ गांवों में भी बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं।
नगर के मोहल्ला कस्साबान निवासी कादिर, मेंमड़ी निवासी चंचल, अहमदपुरा निवासी मुस्कान की डेंगू की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद मंगलवार को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा करीब बुखार से पीड़ित 10 नए मरीज भर्ती किए गए हैंं। ओपीडी में भी सबसे ज्यादा मरीज बुखार की दवा लेने आ रहे हैं।
बोले मरीज
- डेंगू के लक्षण होने पर पांच दिन से 100 शैया अस्पताल में भर्ती हूं। अभी शरीर में दर्द और बुखार है कोई फायदा नहीं हुआ है।- सीमा, मेंमड़ी
- पांच दिन से अस्पताल में भर्ती हूं, चिकित्सकों ने डेंगू बताया था अभी तक कोई ज्यादा लाभ नहीं हुआ। कब डिस्चार्ज करेंगे पता नहीं।- नरेंद्र, छतारी
- बहरावद गांव के कई मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। गांव के इन मरीजों को डेंगू और बुखार की परेशानी बताई गई है।- गीता देवी
- गांव बहरावद से रोजाना बुखार पीड़ित दो-चार मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। गांव में दवा वितरित की जाए और दवा का छिड़काव हो।- सरिता
वर्जन
- मौसम परिवर्तन होने के बाद बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। उन्हें दवा और अस्पताल में भर्ती मरीजों बेहतर सुविधा देने का प्रयास कर रहे हैं।- डॉ. दुर्गेश कुमार, सीएमएस