एएमयू में शुल्क बढ़ोतरी की कवायद पांच-छह साल से चल रही थी। दरअसल, यूनिवर्सिटी पर दाखिले और पाठ्यक्रम शुल्क बढ़ोतरी के जरिये अपना कोष बढ़ाने का दबाव बन रहा था। यह चर्चाएं यूनिवर्सिटी परिसर में हो रही हैं। शुल्क वृद्धि पर 4 जून 2025 को हुई एकेडमिक काउंसिल की विशेष बैठक में मुहर लगी थी। प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद वसीम अली ने बताया कि शुल्क में वृद्धि की गई है।
जून 2024 में स्नातक-परास्नातक के 126 पाठ्यक्रमों में सेल्फ फाइनेंस कोटे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई थी ताकि यूनिवर्सिटी के लिए आय का स्रोत और बन सके। फीस वृद्धि के बाद बीए तीसरे सेमेस्टर में जिन विद्यार्थियों ने आठ हजार रुपये जमा किए थे अब उन्हें चौथे सेमेस्टर में 12 हजार रुपये जमा करने पड़े। स्कूल के कक्षा 11 में 8750 रुपये जमा हुए थे। अब उन्हें 12200 रुपये जमा करने पड़ रहे हैं। प्रवेश लेने विद्यार्थी पहली बार 3650 रुपये जमा करते थे। इसमें अब 750 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसी तरह अलग-अलग मद में पहले 4420 रुपये निर्धारित थे। इनमें 1030 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
इतनी हुई फीस वृद्धि
- बीए, बी.कॉम, बीवीए, बीएससी, एमएम, एम.कॉम, एमएससी की ट्यूशन फीस पहले 605 थी, अब 800 रुपये होगी।
- बीबीए, बीए बीएड, बीएससी बीएड, बीए एलएलबी, बीएलआई साइंस, बीपीएड, बीएड की ट्यूशन फीस पहले 605 थी, अब 1000 रुपये होगी।
- बीएससी मेडिसिन, बीआरटीटी प्री तिब, बीयूएमएस एमएलआई साइंस, एमपीएड, एमएड, एमएसडब्ल्यू, एलएलएम की ट्यूशन फीस पहले 550, 605, 1210 रुपये थी, अब 1200 रुपये होगी।
- बीटेक, बीआर्क की ट्यूशन फीस पहले 1815, 1980 रुपये थी, अब 2400 रुपये होगी।
- बीई, एमटेक की ट्यूशन फीस पहले 2420 रुपये थी, अब 3000 रुपये होगी।