मेरठ में ‘स्कैम’ से विरोधियों पर निशाना साधने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने अलीगढ़ में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे आंधी देखकर कोई लड़का खंभे से चिपक जाता है, उसी प्रकार भाजपा की आंधी से डरकर प्रदेश की सपा सरकार कांग्रेस से चिपक गई है। उन्होंने कहा कि अब यूपी में विकास करना है। मुझको यूपी ने बहुत प्यार दिया है, अब यूपी को बदलना है।
पीएम ने रविवार को नुमाइश मैदान में विजय शंखनाद रैली में दलितों, किसानों, युवाओं को रोजगार, प्रदेश की बिगड़ी कानून-व्यवस्था, नोटबंदी, भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाए गए कदमों पर फोकस किया। नोटबंदी के फैसले पर विरोधियों पर हमला करते हुए कहा कि चूंकि वे कई ढीले पेंच कस रहे हैं, इसलिए लोगों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारे विकास का मतलब ‘विद्युत, कानून और सड़क’ है।
राज्यसभा में बहुमत के लिए बनाइए भाजपा की सरकार ः मोदी ने राज्यसभा में पूर्ण बहुमत के लिए यूपी में भाजपा सरकार बनाना जरूरी बताया। कहा कि जब राज्यसभा में बहुमत होगा तो कई विधेयक पास होंगे, जिससे भ्रष्टाचार को रोकने के लिए और कदम उठाए जा सकेंगे। चोर-लुटेरों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।
यूपी अपराधों में टॉप पर ः मोदी ने कहा कि पांच सबसे बड़े अपराधों में यूपी टॉप पर है। प्रदेश में रोज 7650 वारदातें होती हैं। हर रोज 24 मां-बेटी से दुष्कर्म, 21 मां-बेटियों से दुष्कर्म का प्रयास, 13 हत्याएं, 33 अपहरण, 19 दंगे होते हैं, 136 चोरी की घटनाएं होती हैं। ये आंकड़ा पुलिस रिपोर्ट का है। जिन हजारों लोगों की रिपाेर्ट दर्ज नहीं होती उनका क्या..?
अंबेडकर के बहाने दलितों को साधा ः मोदी ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के नाम पर दलितों की राजनीति करने वालों और कांग्रेस का साथ देने वालों ने आज तक उनके लिए कुछ नहीं किया। कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन बाबा साहब को ‘भारत रत्न’ भाजपा सरकार में मिला।
दलितों के पंचतीर्थ को भाजपा ने संरक्षित किया है। अंबेडकर के जन्म स्थान मध्य प्रदेश के महू जिले में स्मारक बनाया। लंदन में रहकर उन्होंने शिक्षा प्राप्त की, उस मकान को भाजपा सरकार ने खरीदा। नागपुर, दिल्ली और मुंबई में उनका स्मारक बना और जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ, वहां पर स्मारक बनाया। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को आसानी से गैस कनेक्शन मिल रहा है। घर पर गैस पहुंच रही है।
पहले लोकसभा और राज्य सभा के सांसद के यहां लोग गैस कनेक्शन की पर्ची के लिए सिफारिश लगवाते थे। इसके अलावा केंद्र ने मुद्रा योजना लागू की। जिसमें युवाओं को 50 हजार रुपये का लोन बिना किसी गारंटी के मिल रहा है। लाखों युवाओं को इसका साथ मिला। जिससे उन्होंने खुद का रोजगार किया है। पहले पांच से दस हजार रुपये लेने पर साहूकार को मोटा ब्याज देना पड़ता था इससे लोगों के घर तक बिक जाते थे।
जाति नहीं, योग्यता पर मिलेगी नौकरी
पीएम ने लोगों से पूछा कि नौकरी के लिए किसी जाति विशेष में जन्म लेना जरूरी है क्या..? फिर कहा कि जाति नहीं, योग्यता के आधार पर नौकरी मिलेगी। युवाओं को तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की सरकारी नौकरी में साक्षात्कार नहीं देना होगा। लिखित परीक्षा के बाद कंप्यूटर खुद ही अंक के आधार पर पात्र लोगों को पास कर देगा। उनको कॉल लेटर पहुंच जाएगा। नौकरी में हो रहे भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पीएम ने कहा कि उन्होंने केंद्र में इसकी व्यवस्था कर दी है।
अखिलेश सरकार को घेरा
सूबे में गुंडागर्दी पल रही है। मायावती सरकार और साइकिल वालों में प्रतिस्पर्धा हो रही है। कौन ज्यादा अपराधियों को संरक्षण दे रहा है। अब ये स्पर्धा बंद कराने का वक्त आ गया है। मुट्ठी भर राजनेताओं का आश्रय पाकर माफिया राज कर रहे हैं। जमीन माफिया, खनिज माफिया, अपहरण माफियाओं का राज है। अब भाजपा सरकार में या तो माफिया जेल में होंगे या फिर यूपी छोड़ कर भाग जाएंगे। यूपी को स्कैम यानी सपा, कांग्रेस, अखिलेश और मायावती से मुक्ति दिलानी है। प्रदेश को दवाई, सिंचाई, पढ़ाई और कमाई चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस के राज में एलईडी का बल्ब 300 रुपये का मिलता था, इसलिए लोग इसे खरीद नहीं पाते थे। हमने इसकी कीमत 70 से 80 रुपये कर दी है जिससे आम आदमी इसको खरीद रहा है। बिजली बिल का खर्च बच रहा है तो बिजली की खपत भी कम होती जा रही है। बोले, लटटू हटाओ एलईडी लगाओ। इस तरह से दस हजार करोड़ रुपये का बिजली का खर्च कम हुआ है।
माया पर दागे सवाल
हमने भीम एप लॉन्च किया तो लोग परेशान हो गए। बोले भीम नाम क्यों रख रहे हो..? बताइए बाबा साहब ने रुपये पर शोध लिखा, वह अर्थशास्त्री थे, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना पर विचार दिया। आर्थिक विकास की पहल की। इसीलिए हमने एप का नाम भीम रखा जिससे उनको पूरे देश में सम्मान मिले।
हर वर्ग को साधने की कोशिश
अब यूरिया ब्लैक नहीं होता है। क्योंकि इसकी नीमकोटिंग कर दी गई है जिससे अब ये केमिकल बनाने के लिए इस्तेमाल नहीं हो सकता। अब किसानों को यूरिया के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है।
एमपी में 65 से 70%, छत्तीसगढ़ में 70% और हरियाणा में 65% उपज सरकार खुद खरीदती है, जिससे किसानों को उनकी फसलों का सरकारी समर्थन मूल्य मिले और उनका लाभ हो। यूपी में केवल तीन फीसदी उपज खरीदी गई।
हमने यूपी के चुनावी घोषणा पत्र में कहा कि गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिन के अंदर होगा। छोटे किसानों की कर्ज माफी होगी। यूपी में गेहूं, धान सहित अन्य फसलों को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
लोकसभा चुनाव से पहले गन्ना किसानाें के भुगतान की समस्या सामने आई थी। सरकार बनने के बाद 22 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। तकरीबन 32 लाख किसानों का 95% भुगतान सीधे उनके खाते में गया कुछ रह गया है, वह भी भेजा जा रहा है।