खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को सुबह थाना देहली गेट क्षेत्र के घुड़ियाबाग इलाके में घी व तेल कारोबारी के यहां छापा मारा। छापे के दौरान हुई जांच में पता चला कि व्यवसाई पाम आयल की पेकिंग के लाइसेंस पर ब्लेंडेड आयल की पेकिंग करा रहा है।
टीम ने यहां से देशी घी, तेल एवं माइल्ड फैट के सात नमूने भरे तो 325 टीन तेल एवं गोदाम में बने टैंक का पांच टन तेल सीज कर दिया। एक अन्य देशी घी कारोबारी के यहां छापा मारा गया। लेकिन टीम को आता देख दुकानदार दुकान बंद कर भाग निकला। उसकी दुकान सील कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को घुड़ियाबाग इलाके में घी व तेल कारोबारी ललितेश पुत्र राजेंद्र प्रसाद के तीन गोदामों पर एक साथ छापा मारा। जांच में पता चला कि वह पाम आयल के पेकिंग लाइसेंस पर ब्लेंडेड आयल की पेकिंग करा रहा है।
इसके यहां से देशी घी के तीन, सरसों के तेल के तीन एवं माइल्ड फैट का एक नमूना भरा गया। जबकि गोदाम से ब्लेंडेड आयल जैसा प्रतीत होने वाले तेल के 325 टीन एवं टैंक में मौजूद पांच टन तेल सीज कर दिया गया। जबकि बरामद हुआ 60 किलो देशी घी व्यापारी के पजेशन में दे दिया गया। पास के ही देशी घी कारोबारी संजीव अग्रवाल के यहां भी छापा मारा गया। लेकिन टीम को देखकर दुकानदार दुकान बंद कर भाग गया। उसकी दुकान सीज कर दी गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सीज किये गए 325 टीन एवं टैंक में मिले पांच टन आयल को व्यापारी सरसों का तेल बता रहा था। लेकिन देखने में वह ब्लेंडेड आयल लग रहा था। इस वजह से उसे सीज किया गया है। इसकी जांच कराई जा रही है।
सभी नमूनों को भी जांच के लिये भेजा गया है। सीज की गई एक अन्य दुकान के दुकानदार के आने पर उसके माल की चेकिंग कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।