जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की एक मंडल स्तरीय प्रयोगशाला खुलेगी। शासन ने इसके लिए एक एकड़ जमीन तलाशने के आदेश दिए हैं। लखनऊ, वाराणसी, मेरठ के बाद अलीगढ़ ऐसा चौथा मंडल बनने जा रहा है जहां इस प्रकार की अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित की जा रही है। उप्र शासन की प्रमुख सचिव अनीता सिंह ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। इस पत्र के आधार पर जिला प्रशासन अपनी सरकारी जमीनों के कागज खंगालने में जुट गया है, एक एकड़ सरकारी जमीन जहां भी मुफीद होगी। प्रशासन उसकी रिपोर्ट जल्द ही शासन को भेजेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा भरे जाने वाले सैंपलों को अभी तक लखनऊ की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाता है। अलीगढ़ में मंडल स्तरीय प्रयोगशाला बनने के बाद अन्य किसी मंडल के नमूनों की जांच की व्यवस्था यहां हो जाएगी। इसके साथ ही अगर किसी फर्म को अपनी खाद्य सामग्री की जांच करानी होगी तो उसकी भी व्यवस्था यहां रहेगी। जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रयोगशाला के लिए जमीन की तलाश प्रशासन स्तर से की जा रही है। इसके खुलने के बाद अन्य किसी मंडल के नमूनों की जांच यहां हो सकेगी। इससे वाराणसी, मेरठ और लखनऊ की लैब पर नमूनों की जांच को बोझ कम हो जाएगा।