गोमत स्थिल डेयरी पर घी व पनीर की जांच करती एसडीएम।
- फोटो : CITY OFFICE
होली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने आधा दर्जन स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान गांव बरौठा स्थित पनीर निर्माण इकाई में पनीर में प्रतिबंधित सोयाबीन आयल की मिलावट मिली। यहां 18 किलो सोयाबीन आयल सीज कर दिया गया। गोमत स्थित डेयरी में जांच में मिलावट के शक में 1100 किलो घी सीज कर दिया गया। दूध, घी, पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
ग्राम बरोठा थाना हरदुआगंज में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज एवं राघवेंद्र सिंह द्वारा दलबीर सिंह की पनीर निर्माणशाला में छापा मारा गया। यहां पनीर निर्माण में प्रतिबंधित सोयाबीन ऑयल का प्रयोग करने हेतु भंडारण पाया गया। टीम द्वारा पनीर, दूध, क्रीम व रिफाइंड सोयाबीन का नमूना जांच के लिए लिया गया। मौके पर मिले 18 किलो रिफाइंड सोयाबीन ऑयल को सीज किया गया। इसी गांव में भूरा की घी निर्माण इकाई से घी का एक नमूना संग्रहित किया गया। टीम द्वारा सेक्टर-दो तालानगरी स्थित भारत आयल मिल से सरसों के तेल का एक नमूना लिया गया।
खैर तहसील में दूसरी टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपाशंकर, राजीव कुमार सिंह व भगवत सिंह द्वारा एसडीएम खैर अंजुम बी के नेतृत्व में गोमत स्थित भूपेंदर की डेरी दाऊजी मिल्क प्रोडक्ट्स से घी का एक नमूना लिया। मौके पर मिले 1100 किलोग्राम घी को मिलावटी होने के शक में सीज कर दिया गया। शहर में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जसप्रीत कौर, प्रमोद कुमार यादव व ओमवीर सिंह ने जय गंज रोड सासनी गेट स्थित तिरुपति और स्पेलर से सरसों के तेल के दो नमूने लिए। जय गंज रोड सासनी गेट स्थित दिनेश की दुकान से कचरी का एक सैंपल लिया गया तथा नुमाइश ग्राउंड स्थित लालाजी स्पेशल कुल्फी हापुड़ वालों के यहां से कुल्फी का एक नमूना लिया। जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सभी नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।