इगलास कस्बा के एक कोल्ड स्टोरेज के समीप 30 जून सुबह स्कूल जा रहे एक बालक को उसका पिता अपनी पत्नी से विवाद के चलते स्कूल वैन से उतारकर अपने साथ ले गया। घटना के संबंध में मां ने पति व उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव चंद्रफरी निवासी ज्योति की शादी राहुल निवासी बीपीटीपी नहर पार जिला फरीदाबाद हरियाणा के साथ हुई है। शादी के कुछ वर्ष बाद से ज्योति का दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा व भरण पोषण संबंधी मुकदमे कोर्ट में चल रहे। ज्योति बेटे निंकुंज (06) को लेकर मायके में रह रही है। बेटे का दाखिला कस्बा के विष्णुदत्त इंटर कॉलेज में यूकेजी में करा दिया दिया है।
ज्योति ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 30 जून को निकुंज अपनी ममेरी बहन रिया जो विष्णुदत्त इंटर कॉलेज में ही पढ़ती है के साथ स्कूल वैन से जा रहा था। इसी दौरान राहुल अपने भाइयों व दीपक,ललित, ससुर रामपाल, प्रिया शर्मा के साथ थार रॉक्स और स्विफ्ट गाड़ी से आए, इन्होंने निकुंज की गाड़ी को ओवरटेक किया।
पति और परिजन घर से हो गए हैं फरार
तहरीर में आरोप है कि राहुल ने अपने बेटे निकुंज को तमंचे के बल पर एक कोल्ड स्टोर के समीप स्कूल वैन से उतारकर अपने साथ ले गए। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि घटना के संबंध में ज्योति के प्रार्थनापत्र पर दोषपूर्ण तरीके से गाड़ी को रोककर बेटे को ले जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ज्योति और राहुल के मध्य दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा व भरण-पोषण के विवाद चल रहे हैं। घटना के बाद पुलिस टीम राहुल के घर गई थी, राहुल व उसके परिजन फरार हैं। सर्विलांस टीम के सहयोग से घटना का अनावरण किया जाएगा।