दिवाली का पर्व मनाकर नोएडा जाते समय यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में घायल हुए पिता की मौत हो गई, जबकि बेटे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। हादसा टप्पल कट पर बृहस्पतिवार को हुआ, जिसमें ट्रेवलर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी थी।
थाना टप्पल पुलिस ने बताया कि मथुरा के थाना सुरीर के गांव सिकंदरपुर निवासी योगेंद्र प्रसाद शर्मा (45) सूरजपुर (नोएडा) में अपने छोटे भाई के घर रहते थे और वहीं एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते थे, उनका बेटा सुधांशु उपाध्याय (23) भी नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। दीपावली का त्योहार पिता-पुत्र अपने गांव आए हुए थे।
बृहस्पतिवार को शाम दोनों बाइक से नोएडा वापस जा रहे थे, शाम करीब 5:30 बजे जब वे यमुना एक्सप्रेस वे टप्पल कट (करीब 47वें पॉइंट) के करीब 100 मीटर पर पहुंचे, तभी एक ट्रेवलर बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां योगेंद्र शर्मा की उसी दिन उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटे सुधांशु का उपचार चल रहा है। थानाप्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि हादसे के संबंध में मृतक के भाई मोहन स्वरुप ने थाने में ट्रेवलर बस के अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।