जट्टारी के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए जमीन के अधिग्रहण में सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा मांग रहे किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। प्रशासन और शासन के खिलाफ आक्रोश जताया। वहीं आगे मौन जुलूस, भूख हड़ताल करने पर भी वक्ताओं ने जोर दिया।
बढ़े सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजे की मांग कर रहे किसान तीन मार्च से उसरह गांव के पास धरना दे रहे हैं। 24 मार्च को दूसरी बार इन किसानों ने धरनास्थल से टप्पल कट, ब्लॉक और थाने तक ट्रैक्टर रैली निकाली। शाम करीब पौने पांच बजे यह रैली धरनास्थल पर लौटी। रैली में करीब 400 ट्रैक्टर और दो कंबाइंड मशीन शामिल रहीं।
शाम में धरनास्थल पर पहुंचे किसान नेता रामबाबू कटेलिया ने शांतिपूर्वक बाइक रैली, मशाल रैली, मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन और भूख हड़ताल पर बैठने का सुझाव दिया। रैली की अध्यक्षता इंद्रपाल सिंह उर्फ पाली व संचालन डॉ. रमेश चंद अत्री ने किया। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल तोमर, जिलाध्यक्ष सुंदर सिंह बाल्यान, मंडल अध्यक्ष कमांडो ओपी सिंह, ओमपाल तालान राष्ट्रीय सचिव, बंटी शर्मा प्रदेश सचिव, वीरपाल सिंह दमुआका, जितेंद्र प्रधान जिलाध्यक्ष किसान एकता संघ, चौ. रमेश अत्री राष्ट्रीय अध्यक्ष राकिमयू मौजूद रहे।
राकिमयू ने ज्ञापन सौंपा
ट्रैक्टर रैली के बाद राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन ने किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए टप्पल ब्लॉक परिसर में तहसीलदार संजीव कुमार मिश्रा व टप्पल थाना प्रभारी अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश कुमार अत्री ने कहा कि ज्ञापन के जरिये 12-14 साल से सर्किल रेट न बढ़ने, छुट्टा गोवंश, किसान-मजदूरों को सब्सिडी पर सिलिंडर, 60 वर्ष की आयु होने पर छह हजार रुपये प्रतिमाह वृद्धा पेंशन सहित अन्य मांगों को पूरा किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन डीएम और मुख्यमंत्री को संबोधित था। इस दौरान चौ. दर्याब सिंह, रनवीर सिंह, जितेंद्र, महावीर, प्रदीप, रोहित तालान, उमेश वकील, नीलू, रामगोपाल, इस्लाम, रईस, हनीफ, इमामुद्दीन, जयपाल मौजूद रहे।