जट्टारी-पिसावा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के चलते गन्ने की तौल बंद होने पर किसान धरने पर बैठ गए। तहसीलदार गभाना उदयवीर सिंह ने पहुंचकर तौल शुरू कराई तब धरना समाप्त हुआ।
किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर गन्ना किसानों के हित में निर्माण कार्य रोके जाने की मांग की। साथ ही ठेकेदार द्वारा सड़क के साइड से खोदी गई मिट्टी को बेचे जाने, गन्ना क्रय केंद्र चालू कराने, भारतीय स्टेट बैंक व पंजाब नेशनल बैंक की पार्किंग को खाली कराने, मानक के अनुरूप सड़क निर्माण कराने, सड़क किनारे नाली निर्माण और अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की।
तहसीलदार ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से अतिक्रमण हटवाए जाने के लिए कहा। लोक निर्माण विभाग के एई रजनीश कुमार ने बताया कि आपत्ति वाले स्थानों को छोड़कर अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण जारी रहेगा। इस मौके पर जयवीर सिंह, सुभाष चंद उर्फ बोसी, गंगाशरन गुप्ता, सुखवीर सिंह उर्फ टेंपू, टेकचंद अत्री, रवेंद्र सिंह तोमर, राजकुमार सिंह, वेदप्रकाश सिंह मौजूद रहे।
फोटो 1 पिसावा में सड़क किनारे के अतिक्रमणों का निरीक्षण करते तहसीलदार गभाना उदयवीर सिंह व अन्य