केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पारित कृषि अध्यादेशों के विरोध में किसान कर्फ्यू असरकारी रहा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने जिले में अलीगढ़-पलवल हाईवे स्थित टप्पल इंटरचेंज के नीचे, पिसावा, छर्रा, इगलास व अकराबाद में सड़कों पर बैठकर शांतिपूर्वक तरीके से धरना प्रदर्शन कर सरकार को जमकर कोसा। किसानों के सड़क पर जमे रहने से अलीगढ़ पलवल मार्ग, मथुरा-इगलास मार्ग समेत अन्य मार्गों पर घंटों वाहनों के पहिए थमे रहे। सड़क के दोनों ओर वाहनों का जमघट लग गया। इधर भाकियू भानु व भाकियू हरपाल गुट ने कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपे। कांग्रेस, सपा, आम आदमी पार्टी भी पीछे नहीं रही। इनके कार्यकर्ताओं ने भी कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिए।
जट्टारी व खैर संवाद के अनुसार कृषि क्षेत्र में सुधारों के लिए संसद में पास किए गए कृषि बिल के विरोध में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष विमल तोमर के नेतृत्व में किसानों ने टप्पल इंटरचेंज के नीचे बैठकर धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से सैकड़ों की संख्या में किसान इस फोरलेन मार्ग के एक तरफ सड़क पर ही बैठ गए। इसके चलते पलवल से आने वाले वाहन फंस गये। वाहन चालकों को घूमकर निकलना पड़ा। भोलू बाबा की अध्यक्षता में हुई सभा में कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए बिल को किसान विरोधी बताया। भाकियू नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा पास किये गये बिल दलगत राजनीति से प्रेरित हैं। इससे किसानों का भला होने वाला नहीं है। पूंजीपतियों को इसका लाभ मिलेगा। किसानों के आंदोलन को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था।
किसान तहसील अधिकारियों को ज्ञापन देने की बात कह रहे थे, जब दोपहर दो बजे तक कोई नहीं आया तो उन्होंने दोनों तरफ की सड़क जाम कर दी। इससे वहां वाहनों का जमघट लग गया। आधे घंटे बाद एसडीएम खैर अंजनि कुमार व सीओ मोहसिन खान ने पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया। तब कही जाकर कार्यकर्ता हटे। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, संजय प्रधान, सुंदर सिंह बालियान, इंद्रपाल सिंह, योगेश प्रधान, रमेश चंद, अनिल तालान, खजान सिंह, सुनील, प्रवीन चौधरी आदि नेता व किसान उपस्थित थे।
छर्रा में तहसील अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में पनैठी, छर्रा व सांकरा मार्ग पर जाम लगाया गया। यहां भी सुबह 11 से दो बजे तक कार्यकर्ता सड़क पर जमे रहे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष सोनू यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष नवाब सिंह आदि उपस्थित रहे। पिसावा में चंडौस मार्ग पर तहसील अध्यक्ष गभाना गुलजार सिंह बापू के नेतृत्व में ब्लाक अध्यक्ष विजेंद्र शर्मा आदि ने सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची तहसीलदार गभाना को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इगलास में गोंडा चौराहे पर मार्ग जाम कर भाकियू कार्यकर्ता सुबह 11 से दो बजे तक बैठे रहे। इसके चलते वहां वाहनों का जमघट लग गया। बाजार भी बंद रहा। इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री राजपाल शर्मा के नेतृत्व में तहसील अध्यक्ष डा.रुद्दन सिंह, नेपाल सिंह, भानु आदि उपस्थित रहे। इधर अकराबाद में कार्यकर्ताओं ने ब्लाक अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह के नेतृत्व में विजयगढ़ मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।
भारतीय किसान संगठन द्वारा किसानों के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा जारी अध्यादेश के विरोध मे गभाना तहसील के सामने हाइवे को किया चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर आचार्य भरत तिवारी, युवा जिला अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, जिला अध्यक्ष प्रिंस राणा, तरुण गौतम, अनिल बघेल, अजीत पाल सिंह राघव, राधाकृष्ण सिकरवार, रोविन तिवारी, मोनू ठाकुर मौजूद रहे।
इधर भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर प्रेमपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में जितेंद्र शर्मा जिला महासचिव को बग्गी पर बैठा कर जनपद के भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने कैम्प कार्यालय से जिला अधिकारी कार्यालय तक किसान विरोधी अधिनियम 2020 के विरोध में आक्त्रसेश यात्रा निकाल कर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
इसके उपरांत एडीएम सिटी राकेश मालपाणी को 8 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान राजेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भोले बाबा, जिला उपाध्यक्ष मुनेश पाल सिंह, धीरज वर्मा, उदयवीर सिंह, मानिकचंद्र, प्रदीप चौधरी, सुरेश राठौड़ आदि मौजूद रहे।
भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के कार्यकर्ताओं ने किसान व मजदूर विरोधी विधेयकों के विरोध में कलक्ट्रेट के गेट नंबर दो पर धरना दिया। इससे पहले वे उद्यान पार्क के सामने भी धरने पर बैठे। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ.हरपाल सिंह ने राष्ट्रपति से इन सभी आठों विधेयकों पर हस्ताक्षर न करने की अपील की। इस मौके पर शिशुपाल शर्मा, जवाहरलाल, हरदयाल सिंह, चंद्रभान सिंह, प्रेमपाल भाटिया, जिलाध्यक्ष विजय सिंह, चोब सिंह, सुंदर ङ्क्षसह, सूरज भान सिंह आदि उपस्थित थे।
भारतीय किसान यूनियन भानु गुट व नवचेतना समिति के कार्यकर्ताओं ने विधेयकों के विरोध में जगह जगह हस्ताक्षर अभियान चलाया। आक्त्रसेशित कार्यकर्ता घोड़ागाड़ी से कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा.भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद एडीएम सिटी को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसान बिल 2020 वापस लेने, किसान आयोग के गठन, अलीगढ़ मंडल में एम्स की स्थापना, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना, पेट्रोल, डीजल व गैस की मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की गई। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव ठा.प्रेमपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, मुनेश पाल सिंह, भोले बाबा, जितेंद्र शर्मा, धीरज वर्मा, किशोर सिंह, सुमित वार्ष्णेय, हेमंत शर्मा आदि उपस्थित थे।
पीछे नहीं रहे राजनीतिक दल
अलीगढ़। केंद्र सरकार द्वारा लाये गये अध्यादेश के विरोध में राजनीतिक दल भी पीछे नहीं रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू विधायक के निर्देश पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अलीगढ़ में जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर आंदोलनरत् किसान संगठनों का समर्थन किया। पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में मैरिस रोड स्थित देवेंद्र मार्केट को भी बंद कराया गया। कांग्रेसी नेताओं ने कहां की केंद्र सरकार कृषि बिलो के माध्यम से तबाह बर्बाद कर देना चाहती है। सरकार किसान विरोधी है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह, अनवर अकील, सौरभ द्विवेदी, सिराज गाजी, डा. शेरपाल सिंह सविता, दिनेश शर्मा, जिला युवा अध्यक्ष कपिल शर्मा, इरशाद, सलीम, आकाश मसीह, मोहम्मद फरहान, अदीब हसन आदि मौजूद रहे।
वहीं किसान एवं श्रमिक विरोधी विधेयकों के विरोध में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गिरीश यादव के नेतृत्व में एसीएम को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष ने विधेयकों को किसान एवं मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि यह विधेयक मात्र कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिये बनाये गये हैं। इस दौरान मुकेश माहेश्वरी, रत्नाकर पांडेय, मनोज यादव, समीर अहमद, गुड्डा यादव, यामीन अब्बासी, जैकी ठाकुर, हीरालाल यादव, राहुल यादव, रूबीना खानम आदि उपस्थित थे।
अलीगढ़ः टप्पल इंटरचेंज पर मौजूद पुलिस फोर्स- फोटो : TAPPAL
अलीगढ़ः टप्पल इंटरचेंज पर धरने पर बैठे किसान।- फोटो : TAPPAL