खरीफ गोष्ठी में अलीगढ़ मंडल के अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज और आगरा मंडल के आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद जिलों के किसान शामिल हुए।
ये रहे मौजूद
कृषि निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर, मंडलायुक्त अलीगढ़ संगीता सिंह, डीएम अलीगढ़ संजीव रंजन, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक उद्यान निदेशालय लखनऊ सर्वेश सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. हरेंद्र कुमार मिश्रा, उपनिदेशक उद्यान बलजीत सिंह, अलीगढ़ और आगरा मंडलों के सभी उप कृषि निदेशक, सभी जिला कृषि अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी
पांच किसानों को मिले पुरस्कार
पांच प्रमुख नैनो उपयोगिता प्रगतिशील किसानों को (नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, सागरिका तरल, एनपीके कंसोर्टिया, बायोडिकंपोजर) की किट/हैंपर प्रदान किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में तेहरा इगलास से तेजवीर सिंह, जिरौली धूम सिंह अतरौली से संजीव चौहान, भवीगढ़ इफको नैनो परियोजना गांव से गौरव कुमार, नगला बिजानिया खैर टप्पल से संजू सिंह, मानगढ़ी गोंडा से मुनेंद्र सिंह शामिल थे।
मंत्री जी, 35 साल से सूखे पड़े तालाब में भरवा दो पानी
खरीफ गोष्ठी में शामिल होने आए अलीगढ़ और आगरा मंडल के कई किसानों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपे। अलीगढ़ के गांव देवसैनी के किसान जल सिंह, बॉबी, दिनेश, चमन अहमद, क्षेत्रपाल, सुरेश और हरपाल ने मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गांव का तालाब 35 साल से सूखा पड़ा है। इसी तरह महेशपुर नहर में भी पानी नहीं है। इस कारण किसान परेशान हैं। कई बार प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
स्टॉल पर दी गई योजनाओं की जानकारी
खरीफ गोष्ठी के दौरान हैबिटेट सेंटर परिसर में सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को खाद और बीज की जानकारी दी गई। सोलर प्लांट की जानकारी देने के लिए नेडा का स्टॉल भी लगा था। इसी तरह मोटे अनाज से बनाए गए खाद्य पदार्थों का भी स्टॉल लगाया गया था।