तहसील इगलास क्षेत्र के गांव पढील में एक किसान किशन सिंह (42) का शव रविवार को नलकूप की कुंडी में मिला है। वह मधुमेह से पीड़ित थे और शुगर स्तर गिरने व कुंडी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
किशन सिंह अपने बेटे टिंकू के साथ ज्वार के खेत में सिंचाई कर रहे थे। टिंकू ने बताया कि उनके पिता को भूख लगी तो वह गांव से खाना लेने चले गए, लौटे उसने पिता को पानी की कुंडी में गंभीर हालत में पड़ा पाया। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। किशन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ अनंत कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे विकास गौरव, टिंकू, भावना और पत्नी को बिलखते छोड़ गए हैं। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बेटे टिंकू ने बताया कि उसके पिता मधुमेह से पीड़ित थे। चिकित्सकों के अनुसार लगातार काम करने और भूख लगने से उनका शुगर स्तर गिर जाता है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि कमजोरी आने पर वह नलकूप की कुंडी पर पहुंचे होंगे और उसमें गिर गए।