किसानों व मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन (अ) ने सोमवार से टप्पल ब्लॉक परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इसमें किसानों ने कहा कि बिजली कटौती बंद हो। छुट्टा पशुओं पर रोक लगे व टोल फ्री किया जाए।
ब्लॉक में टिन टीन शेड के नीचे धरने की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र सरदार ने की, संचालन मंडल प्रवक्ता लोकेंद्र चौधरी ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश कुमार अत्री समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने के दौरान किसानों ने अघोषित बिजली कटौती को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे खेती और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। साथ ही छुट्टा गोवंश व नंदी के कारण फसलों को हो रहे नुकसान और सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। किसानों की प्रमुख मांग जेवर टोल प्लाजा पर उनके वाहनों को टोल फ्री करने के लिए नंबर पंजीकरण की है। उनका कहना है कि अन्य संगठनों को यह सुविधा मिलने के बावजूद उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इस्लाम सैफी, युवा मंडल अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, नेत्रपाल ठाकुर, विजयपाल चौधरी, जितेंद्र, देवेंद्र चौधरी, धर्मवीर आदि मौजूद रहे।