एसडीएम को ज्ञापन देते भाकियू नेता। संवाद
- फोटो : Samvad
कृषि उत्पादन मंडी समिति में आढ़तियों को गेहूं बेचने से रोकने पर बृहस्पतिवार को किसान आक्रोशित हो गए। गुस्साए किसानों ने मंडी सचिव व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर मंडी गेट पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम खैर ने किसानों को समझाकर जाम खुलवा दिया। बाद में भाकियू ने एसडीएम खैर को ज्ञापन देकर मंडी सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंडी में अढ़ातियों के पास गेहूं का भाव 2350 रुपये और सरकारी क्रय केंद्रों पर 2275 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसमें 25 रुपये प्रति क्विंटल खर्चा भी काटा जाता है। बृहस्पतिवार को किसान गेहूं बेचने आए और आढ़तियों के फड़ पर उतार दिया। सूचना पर मंडी सचिव व निरीक्षक ने आढ़तियों से गेहूं की खरीद न करने तथा केवल सरकारी क्रय केंद्र पर ही बिक्री के लिए कहा। आढ़तियों द्वारा गेहूं खरीदे जाने की स्थिति में गेट पास देने से इंकार कर दिया। जिस पर आढ़तियों ने गेहूं की खरीद बंद कर दी। गुस्साये किसानों ने मंडी गेट पर जाम लगा दिया।
मंडी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मंडी सचिव च निरीक्षक को हटाए जाने की मांग उठा दी। एसडीएम खैर के समझाने पर बमुश्किल किसान माने। भाकियू के जिलाध्यक्ष सुंदर सिंह व पूर्व जिलाध्यक्ष कमांडो ओपी सिंह की अगुआई में अनेकों किसानों ने ज्ञापन देकर सचिव के खिलाफ कार्यवाही करने, मंडी शुल्क की चोरी कराने, लाहा के क्रय केन्द्र पर खरीद कराने की मांग की। जिस पर एसडीएम खैर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर जिला प्रवक्ता विजय सिंह, काशी तोमर, विजय, प्रशांत तोमर, प्रभारी विनीत स्यौंरान, संजीव लौर, गजेंद्र सिंह, बनवारीलाल आदि मौजूद रहे।
एसडीएम ने सचिव से मांगी रिपोर्ट
खैर। ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम खैर ने मंडी सचिव से मांगों के संबंध में बिंदुवार आख्या मांगी है। एसडीएम ने कहा कि किसानों की समस्या समाधान के प्रति तहसील प्रशासन गंभीर है। गेहूं बेचने में किसानों को कोई समस्या नही होने दी जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।