नगर में बदमाश पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर दिनदहाड़े किसान से 1.14 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। लुटेरे वारदात के बाद पुलिस चौकी के सामने वाले रास्ते से ही भागे। घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है।
गांव मलहपुर निवासी किसान शिशुपाल सिंह ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने अपने पर एसबीआई से केसीसी ली थी। सोमवार को वह बैंक से 1.14 लाख रुपये निकालकर थैले में रखकर पैदल घर आ रहे थे। मोहल्ला मुल्लाटोला में हलवाई की दुकान के पास भीड़ भरे बाजार बाइक सवार दो बदमाश आए और थैला छीनने लगे। बुजुर्ग किसान ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें लात मारकर धक्का दे दिया और हाथ से थैला छीनकर भाग गए। पीड़ित शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे दौड़े। दुकानदार कुछ समझ पाते कि लुटेरे बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। दुकानदारों ने बताया है कि वारदात स्थल केनरा बैंक और एसबीआई के बीच पुलिस चौकी से सिर्फ 100 मीटर दूर है। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों का दुस्साहस इतना था कि वे लूट के बाद पुलिस चौकी वाले रास्ते से ही भागे। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि घटना की जांच में पुलिस टीम जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी पकड़े जाएंगे।