फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन : अब धरना, प्रदर्शन, घेराव और जन जागरूकता से विरोध की तैयारी

विज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी चौधरी हरपाल सिंह ज्ञापन दिखाते। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
दिल्ली में किसान संगठनों के 18-19 दिन से चल रहे आंदोलन के बावजूद कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार के अड़ियल रुख से आहत किसान संगठन अब जिलास्तर पर भी विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है। भाकियू किसान सेना सोमवार आज सुबह 11 बजे डीएम कार्यालय का घेराव करेगी। भाकियू हरपाल गुट के कार्यकर्ता तहसीलवार धरना प्रदर्शनों की श्रंखला छेड़ेंगे। इधर भाकियू भानु के कार्यकर्ता गांव गांव जन जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को तीनों कानूनों की खामियां गिनाएंगे। जबकि जिला महासचिव सोमवार को सुबह दस से पांच बजे तक तस्वीर महल चौराहा स्थित महेंद्र सिंह पार्क में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
विज्ञापन

कृषि कानूनों को लेकर सरकार के आला नेताओं से कई दौर की बातचीत के बाद कोई ठोस नतीजा न निकलने पर किसान संगठन अब जिला स्तर पर आंदोलन करने को कमर कस रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह की भूख हड़ताल के समर्थन में राष्ट्रीय महासचिव ठा. प्रेमपाल सिंह चौहान के निर्देश पर जिला महासचिव जितेंद्र शर्मा तस्वीर महल चौराहा स्थित महेंद्र सिंह पार्क पर सुबह दस से पांच बजे तक एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठेंगे। प्रदेश महासचिव डा. शैलेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गत दिवस कृषि एवं रक्षा मंत्री से वार्ता के बाद संगठन ने चिल्ला बार्डर की सड़क जरूर खोल दी है। लेकिन आंदोलन खत्म नहीं किया है। बल्कि इसे और प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप ने सभी पदाधिकारियों को किसानों के बीच जाने के निर्देश दिये हैं। इसके अनुपालन में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हर गांव में जाकर किसानों को सरकार द्वारा पारित तीनों कानूनों की खामियां गिनाएंगे। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। चिल्ला बार्डर पर चल रहे धरने में पर्याप्त भीड़ जुटाने के लिये हर रोज दो गाड़ियां लेकर पदाधिकारी 15-20 कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली जाएंगे। एक दल वहां दो दिन रहेगा। इसके बाद दूसरा दल जाएगा। यह क्रम तब तक चलेगा, जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं हो जाती हैं। भाकियू किसान सेना के प्रदेश सचिव मो. शमी ने बताया कि कार्यकर्ता सोमवार को डीएम को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, मंडल उपाध्यक्ष अफरोज खान, जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, जिला महामंत्री मो. अमान अनवार, तहसील अध्यक्ष गभाना विष्णु कुमार यादव, बरौली विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार यादव किसानों के साथ दिल्ली कूंच करेंगे।
भाकियू हरपाल गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ.हरपाल सिंह ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता तहसीलवार प्रदर्शन कर शासन प्रशासन की नाक में दम कर देंगे। खैर तहसील पर जिलाध्यक्ष विजय सिंह तेवतिया, उद्यान पार्क में वरिष्ठ नेता ठा.नरेंद्र सिंह, इगलास तहसील पर विक्रम सिंह व गोंडा में सामूहिक नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
विज्ञापन

बेरोजगार मजदूर किसान यूनियन के शशिकांत ने बताया कि देश भर के किसान संगठनों के साझा मंच अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को जिले के सक्रिय तमाम किसान संगठन जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सभी संगठनों से उद्यान कार्यालय के सामने जवाहर पार्क में सुबह 11 बजे जुटने की अपील की है।
प्रशासन सतर्क, टोलों पर पहरा और कड़ा
सोमवार को किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस सतर्क है। गभाना टोल, रेलवे ट्रैक, स्टेशन, बस अड्डे, प्रमुख चौराहे एवं मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम कड़े करते हुए मजिस्ट्रेट ड्यूटी लगा दी गई है। सभी मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम को पुलिस के सर्किल अफसरों के साथ भ्रमणशील रहने और छोटी से छोटी घटना पर नजर रखने को कहा गया है। थानाध्यक्षों को अपने अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहकर हर गतिविधि पर नजर रखने एवं अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिये गये हैं। एलआईयू भी सक्रिय है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि किसानों के विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पूरे जिले में पुलिस एवं मजिस्ट्रेटों को अलर्ट कर दिया गया है। यदि किसी ने भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें