दादों थाने के गांव अभयपुर में बुधवार की देर शाम फसलों की रखवाली कर रहे 50 वर्षीय किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। देर रात तक थाने में तहरीर नहीं पहुंची थी। उधर गांव में जमीन को लेकर हत्या की चर्चाएं थीं।
अभयपुर निवासी 50 वर्षीय हरी सिंह पुत्र बनवारी सिंह बुधवार की शाम गांव के बाहर मड़ैया (मढ़ी) में बैठकर छुट्टा पशुओं से फसलों की रखवाली कर रहे थे। बताते हैं कि बाइक से आए दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हरी सिंह के चार गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हरी सिंह की हत्या होते ही गांव भगदड़ मच गई। गोलियाें की आवाज सुनते ही लोग दौड़ पड़े। उधर हत्यारे जल्दबाजी में अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले।
दादों थाना प्रभारी रामप्रकाश गौतम के अनुसार हरी सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। हत्यारों की तलाश की जा रही है। बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिवार से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर गांव में चर्चा थी कि हरी सिंह ने अपनी सारी जमीन बेच दी थी। जमीन को लेकर ही हत्या हो सकती है। चर्चा है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है हालांकि पुलिस ने किसी को पकड़े जाने से इंकार किया है।