क्षेत्र के गांव कैमावली में बृहस्पतिवार दोपहर खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान पर भंडारे का प्रसाद बनाने के लिए लगी भट्ठी के धुएं से भड़की मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें हाथरस के जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य चौधरी जयवीर सिंह ने बताया मनोहर लाल कौशिक (55) पुत्र हरिशंकर कौशिक दोपहर एक बजे करीब अपने खेत में काम कर रहे थे। कुछ दूरी पर हनुमान जयंती के अवसर पर भंडारे के लिए प्रसाद तैयार हो रहा था। वहां पर मधुमक्खियों का छत्ता था, धुआं लगने से मधुमक्खियों के झुंड ने वहां से उड़कर किसान पर हमला बोल दिया।
हाथरस के जिला अस्पताल में मृत घोषित किया
मधुमक्खियों ने उनका पूरा चेहरा ढक लिया। बचने के लिए वे खेत में इधर-उधर भागे, लेकिन तब तक मधुमक्खियां उनके चेहरे व गर्दन सैकड़ों डंक मार चुकी थी। घटना की जानकारी पर उनके परिजन उनको गाड़ी सेे हाथरस के बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है, जिसमें मौत की वजह एनाफिलेक्टिक शॉक आया, जिसमें डंक से अलर्जी तेजी से फैलती है, जो शरीर के अंगों को प्रभावित करती है और रक्तचाप अचानक गिरने से मौत हो जाती है। किसान मनोहरलाल ने अपने पीछे चार संतानों को छोड़ा है।