बरका पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बमोती में सोमवार को हाईटेंशन लाइन के करंट से रामबाबू की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव में 52 वर्षीय रामबाबू पुत्र बल्देव का मकान है। मकान के पास से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। रविवार को गांव में बंदरों ने केबल को हिला दिया। एक केबल मकान के गर्डर से छुल गई। सोमवार को रामबाबू को उसे डंडे से हटा रहे थे। इस बीच उन्हें करंट लग गया। जमीन पर वह अचेत हालत में गिर गए। आवाज सुन परिजन व पड़ोसी आ गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें उपचार के लिए खैर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया है कि पूर्व में एक गाय भी करंट लगने से मर चुकी है। समस्या के बारे में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को बता चुके हैं लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हुआ है। रामबाबू ने अपने परिवार में पत्नी गुड्डी देवी और चार बेटों को रोते हुए छोड़ा है।