सुसराल जाने के लिए रुपये नहीं होने पर युवक को फर्जी टीटीई बनकर ट्रेन में वसूली करना भारी पड़ गया। शक होने पर यात्रियों की सूचना पर दिल्ली निवासी युवक को दबोच लिया गया। सीआईटी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के मुताबिक, आरोपी की पहचान 28 वर्षीय दीप शुभम पुत्र रामनारायण निवासी कौशिक एन्क्लेव, बुरारी, उत्तरी दिल्ली के तौर पर हुई है। वह टीटीई की वर्दी वाला कोट पहने था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी ससुराल बिहार के समस्तीपुर जिले में हैं। ससुराल जाने को दिल्ली से ट्रेन में सवार हुआ था। मगर, उसके पास न तो टिकट थी और न ही ससुराल जाने लायक पैसे थे। इस पर वह कोच संख्या एस-10 में पहुंचा। वहां यात्रियों के टिकट जांचने लगा और कुछ यात्रियों से पैसे मांगे। शक होेने पर यात्रियों ने इसकी सूचना ट्रेन में तैनात सीआईटी राकेश कौरी को दी। उन्होंने स्क्वायड पार्टी के साथ पहुंचकर उसे दबोच लिया। ट्रेन सुबह करीब 10 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंची। यहां दीप शुभम को उतारा गया। सीआईटी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पिता निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार ने बताया कि दीप शुभम कोई काम नहीं करता है, पैसों की जुगत में फ्राड करता रहता है।