महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र के ऑटो मोबाइल मार्केट में दो दुकानों पर बड़े ब्रांड के नकली ऑयल फिल्टर बिक रहे थे। कंपनी के अधिकृत अधिकारी ने पुलिस के सहयोग से जब जांच की तो दोनों दुकानों पर नकली माल मिला। बरामद माल को जब्त कर सैंपल सील कराए गए हैं। साथ में दोनों दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अशोक लीलैंड व बॉस इंडिया लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी ककोड़ बुलंदशहर के रोशन सिंह के अनुसार वे अपने साथी कौशलेंद्र के साथ बाजार में सर्वे पर आए हुए थे। तभी उन्हें कुछ जगहों पर नकली माल बेचे जाने की जानकारी मिली। इस जानकारी पर पुलिस के साथ भार्गव ऑयल कंपनी पर पहुंचकर जांच की।
जहां दुकान स्वामी पवन भार्गव ने दुकान में जांच के दौरान अशोक लीलैंड के 5 व बास इंडिया लिमिटेड के 7 नकली ऑयल फिल्टर बरामद कराए। इसके बाद दुलारे मोटर्स पर दुकान स्वामी सरफराज उर्फ दुलारों की दुकान की जांच में अशोक लीलैंड के चार व बॉस इंडिया लिमिटेड के तीन आयल फिल्टर नकली मिले। बरामद नकली फिल्टरों को जब्त किया गया है। वहीं सभी में से एक-एक सैंपल भी लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में पवन भार्गव व दुलारे पर कापी राइट एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।