रविवार की सुबह को मुखबिर की सूचना पर चंडौस पुलिस ने नकली शराब बनाने की फैक्ट्री को पकड़ा। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बतादें कि चंडौस थाना क्षेत्र के गांव भोगापुर निवासी गजराज सिंह के बाग में पिछले काफी दिनों से नकली शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। ये फैक्ट्री गजराज सिंह के ट्यूबवेल के कमरे में चल रही थी।
रविवार रात को चंडौस कोतवाल सुनील वर्मा को इसकी सूचना मुखबिर ने फोन पर दी। सब इंस्पेक्टर अरविंद राठी मय फोर्स सुबह 4 बजे के करीब भोगापुर के जंगल में पहुंचे और दबिश दी। मौके से उनको नकली शराब बनाने का सामान मिला और मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार लिया। पुलिस जंगल से 180 बोतल ढक्कन और 500 खाली पऊआ,एक नामी कंपनी के 215 रेपर और एक ड्रम केमिकल करीब 100 लीटर, शराब का कलर व 58 शराब के पऊआ आदि बरामद कर लिया।
बताया जाता है कि आरोपी युवक इस नकली शराब को बनाकर काफी दिनों से पड़ोसी जिला बुलंदशहर में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ नकली शराब की तस्करी की रिपोर्ट दर्ज की है। जिन तीन लोगाें को पकड़ा है, उनमें पवन कुमार पुत्र् भीमसैन निवासी बाहरपुर्र, अजीत पुत्र ओमप्रकाश निवासी बाहरपुर और अर्जुन पुत्र अभयपाल निवासी रामनगर चंडौस शामिल है।
इसके अलावा राहुल पुत्र रामदत्त निवासी मिलिक और रामदत्त पुत्र गंगाधर निवासी मिलिक और गजराज पुत्र भूप सिंह निवासी भोगापुर फरार हो गए। इन तीनों के लिये भी पुलिस लगातार दबिश दे रही। प्रभारी एसओ राजीव यादव ने बताया कि फरार आरोपियों के तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।