अलीगढ़ महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र के चूहरपुर इलाके में सोमवार रात कारखाने में काम करने वाले मजदूर की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगा है। इस मामले में परिवार ने पांच लोगों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया है। इधर, कारखाना संचालक का आरोप है कि वह चोरी के इरादे से घुसा था और गिरने से उसकी मौत हुई है। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा चूहरपुर निवासी 20 वर्षीय तरुण पुत्र विनोद कुमार मोहल्ले में एक कारखाने में काम करता था। परिवार का आरोप है कि उसको रात में कारखाने में बेरहमी से पीटा गया और फिर बाहर फेंक दिया गया। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह परिवार को जब खबर लगी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। इधर, इस मामले में परिवार ने राज, मुनेश, गौरव, गुरु उर्फ शिवम, नवीन व दो अज्ञात पर आरोप लगाते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
इधर, मामले में कारखाना संचालक का कहना है कि वह चोरी के इरादे से घुसा था। छत पर देखा गया और शोर मचाया तो वह नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी आदि देखे जा रहे हैं।