पूरे प्रदेश में सपा कांग्रेस गठबंधन को लेकर जबरदस्त चर्चाएं हो रही हैं। कुछ सीटों पर दोनों पार्टियों के उम्मीदवार आमने सामने होने से बेचैनी का माहौल है। अलीगढ़ में कोल और खैर विस क्षेत्र में सपा और कांग्रेस दोनों उम्मीदवार डटे हैं।
कोल में कांग्रेस से विवेक बंसल और सपा से अज्जू इसहाक मैदान में हैं। खैर में सपा से प्रशांत वाल्मीकि और कांग्रेस से मुख्तार वाल्मीकि चुनावी रण में हैं। सूत्रा से प्राप्त सूचनाओं को मानें तो खैर से कांग्रेस उम्मीदवार को बैठाना तय हो गया है जिससे प्रशांत वाल्मीकि का रास्ता साफ है। अब 27 जनवरी को नाम वापसी के साथ ही कोल में कोई बड़ा फैसला सामने आने की उम्मीद है। सपा के वर्तमान विधायक जमीरउल्लाह भी मैदान में हैं।
सवालों के बीच मनेगा गणतंत्र दिवस
कोल और खैर विस क्षेत्र से कांग्रेस और सपा का गठबंधन अब तक रार में है। खैर विस क्षेत्र पर तो कांग्रेस के उम्मीदवार के वापस बैठने की बात तय मानी जा रही है ऐसे में यहां पर सपा के प्रशांत वाल्मीकि चुनाव लडे़ंगे, लेकिन कोल विस क्षेत्र का पेंच फंसा है इन सीटों पर दोनों दलों के प्रत्याशियों में जबरदस्त बेचैनी है। ऐसे में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण करने, कार्यक्रमों में शामिल होने वाले ये नेता हरेक कार्यक्रम में सीट और टिकट के सवालों से घिरे रहेंगे।