कस्बे के ढाई हजार मतदाताओं ने 25 दिन बाद भी एसआईआर के फाॅर्म भरकर नहीं लौटाए हैं। शनिवार को समीक्षा बैठक में एसडीएम ने इस पर चिंता और नाराजगी जताई। इसके बाद दोपहर बाद से नगर पंचायत के वाहन के जरिये कस्बे में मुनादी कराई गई। लोगों से रविवार तक एसआईआर फाॅर्म भरकर जमा करने की अपील की गई।
खैर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले चंडौस कस्बे में आठ बूथ हैं। प्रत्येक बूथ पर करीब एक हजार मतदाता हैं। लगभग आठ हजार मतदाताओं को एसआईआर फाॅर्म बीएलओ की ओर से पांच नवंबर को दिए गए थे। अब तक करीब 5500 मतदाताओं के फाॅर्म ही भरकर बीएलओ के पास वापस आए हैं। करीब ढाई मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म नहीं वापस हुए।
खंड शिक्षाधिकारी सुबोध पाठक का दावा है कि मतदाताओं के पास प्रत्येक बीएलओ पांच-पांच बार चक्कर लगा चुके हैं। पूरे फॉर्म वापस नहीं आने से फीडिंग का काम पूरा नहीं हो पा रहा है। शनिवार को समीक्षा बैठक में एसडीएम खैर शिशिर कुमार सिंह ने इस पर चिंता जताई। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत रेनू यादव और खंड शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ और नगर पंचायत कर्मियों को लगाकर सभी फॉर्म रविवार की दोपहर तक जमा करवाएं।