एएमयू गर्ल्स स्कूल से कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा छूटने के बाद बाहर निकलते बच्चे ।
- फोटो : Amar Ujala
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा में 11480 बच्चे शामिल हुए। परीक्षा का आयोजन 22 केंद्रों पर किया गया।
एएमयू के स्कूलों में दाखिला के लिए बच्चों एवं उनके अभिभावकों में जबर्दस्त क्रेज है। इसका उदाहरण रविवार को कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा में देखने को मिला। कुल 12541 बच्चों ने दाखिला के लिए आवेदन किया था। इसमें से 11480 प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए।
1061 अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे के बीच 22 केंद्रों पर आयोजित की गई। इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी केंद्रों पर पहुंचे थे।
हबीब हॉल में रहने का इंतजाम
बाहर से परीक्षा देने आए छात्रों के लिए एएमयू छात्र संघ द्वारा हबीब हॉल में रहने का इंतजाम किया गया था। सचिव हुजैफा आमिर ने बताया कि प्रवेश परीक्षा देने दूर-दूर से छात्र एवं उनके अभिभावक आते हैं। उनके रुकने का इंतजाम हबीब हॉल के रीडिंग रूम में किया गया था। उन्होंने कहा कि आगे की परीक्षा में भी बाहर से आने वाले छात्रों के लिए इंतजाम किया जाएगा।