मंडल भर में गोल्डन ऑवर और गुड सेमेरिटन स्कीम लागू होगी। मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कमिश्नर ने यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्ग एवं अस्पतालों के आसपास के 50 मीटर दायरे को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए कहा है। सर्दी के मौसम को देखते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त करने, राजमार्गों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से बचाव के लिए राजमार्गों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी जाए और ब्लैक स्पॉट पर कड़ी नजर रखी जाए। नर्सिंग होम, मैरिज होम एवं शापिंग कांप्लेक्स स्वामियों को हिदायत दी कि वे पार्किंग क्षेत्र का इस्तेमाल वाहन पार्क कराने के लिए ही करें, अन्यथा की स्थिति में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नर गौरव दयाल ने सार्वजनिक वाहनों से घटित दुर्घटना के प्रकरणों में मिलने वाली सहायता राशि के प्रकरणों को जनपदीय विकास कार्यों एवं कर करेत्तर की बैठक में शामिल कराने के निर्देश दिए। आरटीओ प्रशासन केडी सिंह गौर ने बताया कि ब्लैक स्पॉट, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे के ग्रामवासी, ढाबे, पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के व्हाट्स एप ग्रुप बनाए गए हैं। मंडलायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रमुख चौराहे, मार्ग व अस्पतालों विशेषकर शमशाद मार्केट एवं दीनदयाल अस्पताल के मुख्य द्वार के आसपास के 50 मीटर के दायरे को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए यह सुनिश्चित करें कि पुन: अतिक्रमण न हो।
एडीए को निर्देश दिए कि जिन नर्सिंग होम, मैरिज होम, शॉपिंग कांपलेक्स द्वारा पार्किंग एरिया का उपयोग पार्किंग के लिए न कर अन्य कार्यों के लिए किया जा रहा है, उन पर पुलिस विभाग के साथ संयुक्त टीम का गठन कर कार्रवाई की जाए। धुंध और कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिए गति सीमा के रेट्रो रिफ्लेक्टिव बोर्ड, राजमार्गों की गड्ढा मुक्ति, पुलिस पेट्रोलिंग, ब्लैक स्पॉट्स पर नजर रखी जाए।
मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य अफसरों कों जशरथपुर ट्रामा सेंटर के संचालन का प्रचार प्रसार करने के लिए कहा ताकि उस क्षेत्र के दुर्घटनाग्रस्त लोगों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सके। पुलिस अधीक्षक यातायात रजनी ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में सुगम यातायात, वीआईपी मूवमेंट एवं घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा दिए जाने के लिए ट्रैफिक ग्रिड कार्ययोजना लागू की गई है। बैठक में एआरटीओ एटा हेमचंद्र गौतम, एआरटीओ कासगंज राजेश राजपूत, एआरटीओ हाथरस लालाराम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।