मंगलवार को टीम ने मीरीमल प्याऊ से लेकर अब्दुल करीम चौराहा, ऊपरकोट और बाराहसैनी धर्मशाला तक पैमाइश की। जैसे ही अब्दुल करीम चौराहे पर स्थित धार्मिक स्थल के एक हिस्से को अतिक्रमण के घेरे में चिह्नित किए जाने की खबर फैली, स्थानीय निवासियों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और नारेबाजी शुरू कर दी। दूसरे पक्ष से भी लोग जमा हो गए। आक्रोश को देखते हुए क्षेत्र में तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया। यातायात पूरी तरह ठप हो गया और स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग किया।
दोपहर बाद सामान्य हुई स्थिति
हजारों की भीड़ और विरोध के चलते सर्वे अभियान में काफी बाधा आई। दोपहर करीब एक बजे प्रशासनिक अधिकारियों की टीम सर्वे पूरा कर लौट गई, लेकिन तनाव को भांपते हुए आरएएफ और पुलिस फोर्स दोपहर दो बजे तक ऊपरकोट और संवेदनशील चौराहों पर डटी रही। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
अलीगढ़ नगर निगम की टीम के सर्वे की सूचना पर 20 जनवरी को सपा जिला महासचिव मनोज यादव के साथ सलामुद्दीन अब्बासी,आमिर आबिद, अनीस कुरेशी, पार्षद सुफियान, अब्दुल मुत्तलिब, हफीज अब्बासी, अजीम अब्बासी, मो नाशी, राजा भैया, हारून अहमद, रहीस गाजी, साजिद अंसारी आदि सपाई पहुंच गए। उन्होंने कहा कि एक जैसा कार्य होना चाहिए। किसी के साथ नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रेलवे रोड पार सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क व नाला निर्माण कराया जा रहा है। सड़क व नाला निर्माण में अतिक्रमण बाधा डाल रही है। इस कारण रेलवे रोड का सर्वे किया गया। लोगों की सुविधाओं के लिए सड़क निर्माण हो रहा है। इसके लिए लोग सहयोग कर रहे हैं।-वीर सिंह, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम
विकास कार्य को लेकर नगर निगम लोगों को विश्वास में न लेकर कार्य कर रहा है। अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई एक समान और संवैधानिक रूप से होनी चाहिए। भरोसा जीत कर अतिक्रमण हटाएं। नफरती लोग बेवजह का विवाद फैला रहे हैं।-इम्तियाज अली, कांग्रेस नेता
रेलवे रोड पर सीएम ग्रिड योजना के तहत नाला निर्माण शांति पूर्वक हो रहा है। प्रशासन व नगर निगम बेवजह तनाव पैदा कर रहा है। अतिक्रमण की जद में आने वाले सभी दुकान, मकान, धर्मशाला व मस्जिद के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए। अगर अन्याय हुआ तो हम विरोध करेंगे।-अब्दुल हमीद घोसी, महानगर अध्यक्ष, सपा
दो दिन बाद रेलवे रोड पर लगभग साढ़े पांच मीटर सीसी रोड, इंटरलाकिंग व फुटपाथ का निर्माण का कार्य शुरू होना है। रेलवे रोड सबसे व्यस्ततम बाजार है, इस कारण बेहतर सड़क व नाला निर्माण के लिए टीम ने सर्वे किया। जहां भी अतिक्रमण चिन्हित किया गया है, उन्हें नोटिस देकर हटवाया जाएगा। जिससे भविष्य में जाम आदि की समस्या न हो।-प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त