धौर्रा माफी में अवैध कब्जे को हटाता महाबली।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के धौर्रा माफी इलाके में चार करोड़ रुपये कीमत की 3650 वर्ग मीटर सरकारी जमीन को रविवार को तहसील कोल की टीम ने दो बिल्डरों के कब्जे से मुक्त कराया। दोनों ने जमीन पर प्लॉटिंग कर बेचना शुरू कर दिया था। देर शाम तक प्रशासन जमीन की पैमाइश कराते हुए उसे नगर निगम के खाते में दर्ज कराने की कसरत में लगा रहा।
तहसीलदार जयप्रकाश के मुताबिक एसडीएम कोल रंजीत सिंह ने निर्देशन में चलाए अभियान में धौर्रा माफी क्षेत्र में 4 करोड़ की सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई। यहां गाटा संख्या 87 (रकबा 0.150), गाटा संख्या 101 (रकबा 0.076) हेक्टेयर ऊसर तथा गाटा संख्या 114 (रकबा 0.139) जमीन का कुल क्षेत्रफल 3650 वर्ग मीटर है। इसकी बाजार कीमत 4 करोड़ रुपये है। भूमि पर डीडीसी के प्रापर्टी डीलर साबिर राही व तारिक द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर प्लॉटिंग की गई थी, जिसे तहसील टीम द्वारा ध्वस्त करा दिया गया।
कई बैनामों की जांच की गई तो उनमें सामने आया है कि बिल्डरों ने उक्त जमीन की एवज में कई निजी गाटा संख्या वाली जमीनों के बैनामे कराए हैं और कब्जा इस सरकारी जमीन पर करा दिया है। दोनों बिल्डरों के खिलाफ जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इनके खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली तहसील टीम में राजस्व निरीक्षक चंद्रमोहन, हल्का लेखपाल शाहिद हुसैन, असरार अहमद आदि मौजूद रहे।