अलीगढ़- गाजियाबाद हाईवे के सोमना टोल प्लाजा पर बुधवार रात छर्रा क्षेत्र से भाजपा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह की गाड़ी में सवार उनके कर्मचारियों ने बैरियर तोड़ दिया। फिर टोलकर्मियों को पीटते हुए जमकर अभद्रता की।
सीसीटीवी में कैद घटना जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों को तलाशा जा रहा है। दूसरी ओर छर्रा विधायक का कहना है कि पहले टोलकर्मियों ने गलती की और अपशब्द कहे। घटना के समय विधायक गाड़ी में नहीं थे।
घटना बुधवार रात करीब 8:25 बजे की है। गांव बघा सोनिगा, कागारौल जिला आगरा निवासी टोलकर्मी सोमवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि खुर्जा की ओर से आने वाले वाहन निकल रहे थे। इसी बीच एक मैक्स वाहन के पीछे स्कार्पियो कार (यूपी 81 बीआर 7000) बैरियर तोड़ते हुए निकल गई। इस पर टोल प्लाजा स्टाफ बैरियर सही करने लगा।
इसी दौरान स्कार्पियो से उतरकर कुछ लोग आए और यह कहते हुए टोलकर्मी चरण सिंह व राम सिंह आदि से मारपीट शुरू कर दी कि उन्होंने बैरियर क्यों गिराया। साथ ही धमकी दी कि यहां टोल प्लाजा नहीं चलने दिया जाएगा। तहरीर के साथ-साथ घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मुहैया कराया गया, जिसमें छर्रा विधायक रवेंद्रपाल सिंह की गाड़ी बैरियर तोड़ते हुए कैद पाई गई है।
मारपीट के आरोप में ड्राइवर जसवीर निवासी क्यामपुर, महुआखेड़ा और मोहित शर्मा निवासी कपिल विहार, महुआखेड़ा शामिल हैं। ये दोनों विधायक के कर्मचारी हैं। पुलिस ने मुकदमे के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेजने की तैयारी है। यहां गाजियाबाद अलीगढ़ एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड बीओटी योजना के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत कर राजस्व वसूल करता है, जिसका संचालन एसकेएम कान्ट्रेक्टर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
- सीसीटीवी फुटेज में टोल प्लाजा से गाड़ी निकालते समय बैरियर तोड़ने, फिर स्टाफ से मारपीट की घटना कैद हुई है। उस आधार पर मुकदमा कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी तथ्यों की जांच व अन्य नाम प्रकाश में लाने का काम जारी है।
- कलानिधि नैथानी, एसएसपी
- गभाना के भीमपुर में धान कटाई के लिए उनका चालक मजदूरों को छोड़ने गया था। लौटते में उनकी गाड़ी एक वाहन के पीछे थी। आगे वाले वाहन के निकलते ही टोल स्टाफ ने पहले उनकी गाड़ी को निकलने का इशारा किया। मगर अचानक बैरियर गाड़ी पर गिरा दिया। साथ ही, टोल कर्मी द्वारा अपशब्द बोले गए। इसी बात पर विवाद हुआ था। फिर भी पुलिस ने अपनी कार्रवाई की है, जिसका समर्थन है। जो दोषी हो, उस पर कार्रवाई की जाए और जांच निष्पक्ष हो।
- रवेंद्रपाल सिंह, भाजपा विधायक
पूर्व सांसद ने की घटना की निंदा
पूर्व सांसद व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी बिजेंद्र सिंह ने टोल प्लाजा पर भाजपा विधायक के कर्मचारियों द्वारा की गई घटना को गुंडागर्दी करार दिया है। कहा कि संस्कारों की दुहाई देने वाले भाजपा नेताओं का चेहरा इस तरह की घटनाओं में उजागर हो रहा है।
जिले में बढ़ता अपराध तानाशाही का उदाहरण है। साथ ही थाने और तहसीलों में जनता के दोहन के खिलाफ न्याय नहीं मिल पा रहा है। हम इन कृत्यों का विरोध करते हैं और जिलाधिकारी-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग करते हैं कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करें। जिससे दोबारा इस तरह की घटना न हो।