अलीगढ़ नगर निगम में सुखमा कंपनी का विरोध जारी है। कर्मचारियों व ड्राइवरों ने सुखमा कंपनी का पुतला फूंका और जलते पुतले को झाड़ूओं से पीटा। वर्कशॉप ड्राइवर एसोसिएशन आज संभव दिवस पर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपेगी।
अलीगढ़ नगर निगम के बन्नादेवी स्थित वर्कशाप में 24 मार्च को कर्मचारियों व ड्राइवरों ने सुखमा कंपनी का पुतला फूंकते हुए नगर आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जलते हुए पुतले को झाड़ू से पीटा। कर्मी नगर निगम के सरकारी वाहन निजी कंपनी सुखमा को सौंपने का विरोध कर रहे हैं।
विज्ञापन
वर्कशॉप ड्राइवर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शेखर जीवन और महामंत्री उदय सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों का विरोध तीसरे दिन भी जारी रहा। वर्कशाप में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने दोपहर करीब सवा 12 बजे सुखमा का पुतला, झाड़ू व फावड़ा लेकर वर्कशाप के गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने पुतले में आग लगा दी और झाड़ू से उसको पीट कर नारेबाजी की।
विज्ञापन
जिलाध्यक्ष ने कहा कि ड्राइवर हेल्पर के साथ नगर निगम दोहरा व्यवहार कर रहा है। उनके रोजगार से खिलवाड़ किया जा रहा है। सुखमा को अगर सरकारी वाहन दिए जाते हैं तो वे चुप नहीं बैठेंगे। महामंत्री ने एलान किया कि वर्कशाप से एक भी वाहन कंपनी को नहीं दिया जाएगा। ऐसे आदेश का पालन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर नमोशंकर, आनंद सहाय, छन्नू आजाद, विजय राठौर, योगेश पीटर, अविनाश, राजाकांत, राहुल आदि मौजूद रहे।
आज नगर आयुक्त को देंगे ज्ञापन
वर्कशॉप ड्राइवर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शेखर जीवन ने कहा कि जोन दो और चार में वर्कशॉप के वाहन नहीं चलेंगे। 25 मार्च को संभव दिवस पर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें चेतावनी दी जाएगी कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा।