अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक करतीं जिला निवार्चन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे
- फोटो : CITY OFFICE
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने कहा है कि 10 मार्च को धनीपुर मंडी में होने वाली मतगणना निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी। मतगणना में आपराधिक छवि वाले व्यक्तियों को मतगणना में एजेंट नहीं बनाया जाएगा। इसके लिए एजेंट का पुलिस से वेरिफिकेशन कराया जाएगा। मतगणना हॉल में सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस, कैमरा व शस्त्र प्रतिबंधित रहेंगे। डीएम सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में विधानसभा चुनाव की मतगणना की चल रहीं तैयारियों को लेकर अधीनस्थों के साथ बैठक कर रही थीं। उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। उन्होंने सभी आरओ को निर्देशित किया है कि वे मतगणना एजेंट बनाते समय यह साफ कर लें कि वह आपराधिक छवि का तो नहीं है। एजेंट बनाने से पहले पुलिस से उसकी वेरिफिकेशन करा ली जाए। डीएम ने सभी आरओ, एआरओ व मास्टर ट्रेनर्स को चुनाव आयोग की गाइड लाइन की जानकारी दी। उन्होंने त्रुटिविहीन मतगणना के लिए मतगणना कार्मिकों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।
दो चरण में मतगणना कार्मिकों को मिलेगा प्रशिक्षण
डीएम ने बताया कि पांच व आठ मार्च को कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में मतगणना कार्मिकों एवं माइक्रो आब्जर्बर को प्रशिक्षित किया जाएगा। मतगणना के दौरान चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम की मतगणना के लिए 14-14 टेबल एक आरओ की टेबल लगाई जाएगी। मतगणना हॉल में किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस, शस्त्र एवं कैमरा पूरी तरह से ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। स्ट्रांग रूम से मतगणना हॉल तक ईवीएम मशीन की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सारी गतिविधियां सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगी। उन्होंने प्रत्येक राउंड की मतगणना के बाद गणना सीट पर प्रत्येक अभिकर्ता के हस्ताक्षर लेने के भी निर्देश दिए हैं।
साफ-सफाई व साउंड की व्यवस्था पर जोर
डीएम ने धनीपुर मंडी स्थित मतगणना स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, खान-पान के साथ ही प्रकाश एवं साउंड सिस्टम की बेहतर व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी के बाहर तक साउंड सिस्टम लगाया जाए, ताकि सभी को प्रत्येक राउंड की मतगणना की आवाज स्पष्ट सुनाई दे सके। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल, प्रभारी अधिकारी कार्मिक एवं सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल आदि मौजूद रहे।