बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को गैलेक्सी होटल में बिजली चोरी पकड़ी। बौनेर हाईवे तिराहा स्थित होटल में मीटर बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में होटल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रवर्तन दल प्रभारी अजय सिंह और जेई रवि कुमार के नेतृत्व में टीम थाना महुआखेड़ा क्षेत्र स्थित गैलेक्सी होटल पहुंची। चेकिंग के दौरान एलटी पोल से आने वाली इनकमिंग केबल को मीटर बॉक्स के अंदर सीधे आउटगोइंग केबल से जुड़ा पाया गया। इससे मीटर बाईपास कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था।
जांच में होटल का स्वीकृत भार पांच किलोवाट मिला, जबकि मौके पर करीब 6.317 किलोवाट (6317 वाट) का भार इस्तेमाल होता मिला। प्रवर्तन दल प्रभारी के अनुसार होटल संचालक आदित्य के खिलाफ बिजली अधिनियम की संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।