टप्पल थाना क्षेत्र के गांव मालव, रामगढ़ी और ऊंटासानी में लगातार बिजली बाधित होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रधान पति के खिलाफ एसडीओ से शिकायत की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने टप्पल थाने में गांव के प्रधान पति के खिलाफ लिखित शिकायत कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गांव मालव, रामगढ़ी और ऊंटासानी में जैदपुरा फीडर से बिजली आती है, लेकिन गांव मालव से पहले 11 हजार की हाइटेंशन लाइन ग्राम प्रधान पति राजेंद्र सिंह के खेत से होकर जाती है। राजेंद्र सिंह के खेत में यूके लिप्टस के पेड़ लगे हैं, जिनकी छंटाई लंबे समय से नहीं हुई है। इसकी टहनियों से तार उलझ कर टूट जाते हैं, जिससे बिजली संकट होता है। तीन गांव की बिजली लगातार बाधित रहती है, कई बार शिकायत के बाद भी पेड़ों को छंटवाया नहीं गया।
सुभाष चौधरी ने बताया कि कई बार पेड़ों से तार टूटने से आग भी लग चुकी है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी गहरी नींद में हैं। सुरेश नंबरदार, राजकुमार, गुलाब, योगेंद्र सिंह, केशराज सिंह, शेर सिंह ने समाधान की मांग की है। एसडीओ महेश चौहान के आदेश पर जेई अतुल कुमार ने ग्राम प्रधान पति राजेंद्र सिंह के खिलाफ टप्पल थाने में शिकायत दी है। ग्राम प्रधान पति राजेन्द्र सिंह ने बताया कि कई बार लाइन को हटवाने के लिए विभागीय अधिकारियों से कहा है, लेकिन आज तक सुनवाई नहीं हुई। उनके खेत से हाइटेंशन लाइन जा रही है जो गलत है।