बिजली का तार टूटकर नाली में गिरा, हादसा टला
- फोटो : Rupesh
बुधवार को हुई बारिश के चलते नगला मसानी में बिजली की केबिल का तार टूटकर गिर गया जिससे नाली में करंट दौड़ गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उस तार को नाली से निकालकर ऊंचाई पर टांगा जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां पर गलियों में लटके तार लंबे अर्से से क्षेत्र के लोगों के लिए समस्या बने हुए हैं।
नगला मसानी स्थित दुर्गा मंदिर के पास फौजी वाली गली में पिछले कई महीनों से घरों में केक्शन के लिए जा रहे तार बहुत ही नीचे लटक रहे हैं। वजह यह है कि यहां पर बिजली के खंभे नहीं लगे हैं। यह तार इतने नीचे लटके हुए हैं, कि कोई भी बच्चा इनको आसानी से छूू सकता है। बुधवार को बारिश के चलते ऐसा ही एक तार टूटकर नाली में गिर पड़ा। जिससे पूरी नाली में करंट दौड़ गया। पानी से चिंगारी उठती देख किसी तरह लकड़ी के डंडे से तार को नाली से निकाल कर ऊंचाई तक लाए और सुरक्षित तरीके से अटका दिया।
स्थानीय निवासी डौली ने बताया कि पिछले कई वर्ष पहले हमने विद्युत कनेक्शन कराया था। जिसके लिए अस्थायी रूप से लकड़ी के खंभों की सहायता से केबिल लगाई थी। अब वह खंभा भी टूटने की कगार पर है। सुशील लोधी ने बताया कि यह केबिल आये दिन टूटते रहते हैं। बारिश के दिनों में बच्चे स्कूलों के लिए जाते हैं। जिससे बच्चों को खतरा बना रहता है।
जेल रोड का ट्रांसफार्मर फुंका, आपूर्ति ठप
नगरीय विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अंतर्गत जेल रोड ट्रांसफार्मर फुंक जाने से इलाके में बिजली संकट गहरा गया। कोशिश की गई कि यह ट्रांसफार्मर सही हो जाए लेकिन उसे रिपेयर के लिए ले जाना पड़ेगा। जिसके चलते ट्राली ट्रांसफार्मर रखकर आपूर्ति सुचारू करनी पड़ी। बुधवार को बारिश के साथ ही बिजली विभाग की लाइनों में लगे इंशूलेटरों में समस्या आने लगी है। इसी के चलते आवास विकास कालोनी के मार्केट पर लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया। कालोनी के साथ ही आसपास के इलाकों में भी आपूर्ति ठप हो गई। रात को ही यहां पर ट्राली रखी गई।