दिवाली पर घर को रोशन करने के लिए अलग-अलग तरह की इलेक्ट्रिक झालरें बाजार में सज गईं हैं। नई-नई डिजाइन वाले बल्बों की झालर लोग खूब पसंद कर रहे हैं। 90 मीटर लंबी यह झालर 380 रुपये में मिल रही है। पानी से जलने वाले दीपक और बैटरी से जलने वाली मोमबत्तियां भी लोगों को खूब लुभा रहीं हैं।
शहर के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बाजार मामू-भांजा के साथ अलग-अलग क्षेत्र में इनकी दुकानें सज गई हैं। बाजार में 45 से अधिक प्रकार की झालरें मौजूद हैं। एलईडी झालर 10 से 90 मीटर तक की लंबाई में उपलब्ध हैं। दुकानों पर ग्राहक 40 मीटर लंबी आठ एमएम की एलईडी बल्ब की झालर खूब पसंद कर रहे हैं। इनकी कीमत 140 से शुरू होकर 200 रुपये तक है। इसके अलावा पट्टे वाली देसी झालर भी मिल रही है। यह 10 से लेकर 20 मीटर की लंबाई में है। इसकी कीमत 110 से 400 रुपये तक है। कमरों को रोशन करने के लिए लाइट वाले पेड़ भी उपलब्ध हैं। इनकी शुरुआती कीमत 350 रुपये हैं।
इस बार ग्राहकों की मांग पर दिल्ली व आसपास के अन्य शहरों से झालरें लाए हैं। लोगों को 22 रुपये मीटर वाली रोप लाइट खूब पसंद आ रही है। जैल वायर झालर भी खूब बिक रही है।- अजमल, दुकानदार मामू भांजा
ग्राहकों को स्वदेशी आइटम खरीदने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन रेट कम होने से लोग चीन निर्मित उत्पादों को अधिक पसंद कर रहे हैं। ज्यादातर माल दिल्ली, आगरा व फरीदाबाद में बन रहे हैं। - सगु, दुकानदार मामू भांजा
बिना बिजली और मोम के जलती है मोमबत्ती
इस बार बैटरी से जलने वाली मोमबत्ती भी लोगों को खूब लुभा रही हैं। 70 रुपये के पैकेट में तीन मोमबत्तियां मिल रहीं हैं। पानी से जलने वाले दीपक प्लास्टिक से बने हैं। इन दीपकों की सतह पर एक बेहद छोटी बैटरी लगी है। पानी डालने पर इसका बल्ब जल जाता है। 12 नग वाले इस पैकेट की शुरुआती कीमत 120 रुपये है। दुकानदारों का कहना है कि एक बार पानी डालने पर दीपक करीब चार से पांच घंटे तक जलते हैं।