Elections will fight against Mayawati: Swati
- फोटो : Rupesh
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाति सिंह को उम्मीद है कि भाजपा उन्हें बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ विस चुनाव में चुनाव लड़ाएगी। उन्होंने ऐलान किया कि मायावती जहां से भी चुनाव लड़ेंगी, वह भी वहीं से पार्टी का टिकट मांगेगी। स्वाति सिंह रविवार को रामलीला मैदान में विजयदशमी के उपलक्ष्य पर आयोजित क्षत्रिय सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से वार्ता कर रहीं थीं।
उन्होंने कहा कि क्षत्रियों के सम्मान में बसपा के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए अंदरखाने उनका भाजपा से कोई टाईअप नहीं हुआ था। भाजपा का उन पर कभी कोई दबाव न पहले था और न ही अब है। भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए भी उन्होंने कोई उठापटक नहीं की।
अलबत्ता उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने की खबर भाजपा के शीर्ष नेताओं से महज एक दिन पहले ही मिली थी, तब से वह प्रदेश अध्यक्ष का कामकाज देख रही हैं लेकिन सर्वसमाज के हित में बसपा के खिलाफ अपने अभियान के लिए वह स्वंतत्र रूप से सक्रिय हैं। बोलीं.. मेरा एक ही लक्ष्य है कि सभी समाज के लोग बसपा का एकजुटता से बहिष्कार करें।
स्वाति सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जो तुम्हारी बहन बेटियों की तरफ उंगली उठाए उसकी उंगली काट दो..। इस सिलसिले में पूछने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका कानून व्यवस्था में पूरा विश्वास है।
उंगली काटने से उनका आशय यह था कि जिस तरह से उनके मामले में मायावती सहित पूरी बसपा बैकफुट पर आई। उसी तरह गलत बात कहने व गलत काम करने वालों को बैकफुट पर लाने के लिए सभी को एकजुट हो जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने जयगुरुदेव की यात्रा में वाराणसी में भगदड़ से 25 लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। बोलीं.. वाराणसी जिला प्रशासन की लापरवाही इस दुखद घटना के लिए जिम्मेदार है।