चचेरी भतीजी ने साथी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर मांग रहे थे दो लाख रुपये, क्वार्सी थाने में प्राथमिकी दर्ज
अलीगढ़: थाना क्वार्सी क्षेत्र में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को सस्ता प्लॉट दिलाने के बहाने बुलाकर हनीट्रैप में फंसाने और तमंचे के बल पर निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बनाकर 1.30 लाख रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात को पीड़ित की चचेरी भतीजी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया।
थाना रोरावर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके तयेरे भाई की बेटी (निवासी थाना रोरावर क्षेत्र) ने 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें फोन किया। उसने कहा कि नगला पटवारी में एक सस्ता प्लॉट बिकाऊ है, जिसका सौदा पक्का करने के लिए 50 हजार रुपये बयाना लेकर आ जाएं।
पीड़ित के अनुसार, वह पत्नी से 50 हजार रुपये लेकर भतीजी के घर पहुंचे, जहां से वह उन्हें नगला पटवारी स्थित एक मकान के कमरे में ले गई। कमरे में पहुंचते ही भतीजी ने अपने कपड़े उतार दिए और दो लाख रुपये की मांग करते हुए शोर मचाकर बलात्कार के झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी देने लगी। इसी दौरान थाना रोरावर क्षेत्र का एक युवक कमरे में आ गया और झाड़ू व थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक ने सिर पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी और पीड़ित को निर्वस्त्र कर भतीजी के साथ उसका वीडियो बना लिया।
आरोप है कि दोनों ने पीड़ित की जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए और फिर नगला पटवारी बंबा स्थित जनसेवा केंद्र ले जाकर उनके खाते से 30 हजार रुपये और निकलवा लिए। लोकलाज के भय से पीड़ित ने अपने बेटे से 50 हजार रुपये मंगवाकर बाईपास स्थित एक लॉज के पास आरोपियों को दे दिए। इसके बाद भी आरोपी अगले पांच दिनों में शेष 70 हजार रुपये देने और किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहे।
पीड़ित का आरोप है कि उनकी भतीजी और उसका साथी एक गिरोह की तरह काम करते हैं और इससे पहले भी परिवार के एक सदस्य समेत कई लोगों को इसी तरह जाल में फंसाकर मोटी रकम वसूल चुके हैं।
क्वार्सी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की विवेचना उपनिरीक्षक योगेश कुमार को सौंपी गई है।