थप्पड़ का बदला लेने के लिए बड़ा भाई इतना आग बबूला हो गया कि उसने सगे छोटे भाई की जान लेने की ठान ली। पहले उसने गला दबाया, फिर फावड़े से कई प्रहार कर जान ली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने सच स्वीकाराते हुए सब कुछ बताया।
पुलिस जांच व परिवार के अनुसार आरोपी बड़ा भाई विवेक बीएससी पास है। छह माह पहले तक वह एक एक ट्रैक्टर कंपनी में नौकरी करता था। मगर डिप्रेशन का शिकार होने के कारण नौकरी छोड़ दी। पिछले चार माह से उसका उपचार चल रहा है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकारा कि मां-बाप के जाने के बाद ललित ने खाना मांगा तो उसने कहा कि खाना रखा है। खुद जाकर ले ले। इस पर उसने खाना खाने से इंकार कर दिया। जबकि दुकान पर जाकर कुछ खाने के लिए कहा। इस पर विवेक ने भी साथ चलने के लिए बोला। इसपर दोनों में कहासुनी हो गई।
निर्ममता की गवाही दे रहा कमरा, कपड़े भी बदले
भाई द्वारा छोटे भाई की निर्ममता से की गई हत्या की गवाही पूरा कमरा दे रहा था। कमरे में चारपाई खून से सनी हुई थी। चारपाई के नीचे खून बिखरा हुआ था, दीवारों से लेकर अलमारी तक जगह-जगह खून के छींटें दिखाई दे रहे थे। फर्श पर खून से पैरों के निशान भी बने हुए थे। विवेक ने घटना को अंजाम देने के बाद खून से सने अपने कपड़े उतार कर दूसरे कपड़े भी पहने। जब पड़ोस के अशोक वहां पहुंचे तो उन्होंने पूछा तो विवेक ने कहा कि ललित हैंडपंप के पास गिर गया था, जिससे उसकी गर्दन में कील लग गई है। खून निकल रहा है। अशोक ने अंदर जाकर देखा तो हालात कुछ और बयां कर रहे थे।