जिले में असलहा लाइसेंस धारकों के आवासीय पते के चल रहे सत्यापन के दौरान कोतवाली नगर क्षेत्र में आठ लाइसेंस धारक ऐसे मिले, जो अपने मूल पते पर नहीं मिले। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर एडीएम प्रशासन की कोर्ट ने इन सभी के लाइसेंस को निलंबित कर दिया है। उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। जवाब न मिलने पर असलहा लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।
एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने बताया कि असलहा लाइसेंस के सत्यापन के दौरान महानगर कोतवाली नगर क्षेत्र के महावीर गंज निवासी छोटेलाल, बाबरी मंडी निवासी कालीशंकर शर्मा, रामू गुप्ता, बड़ा बाजार निवासी कन्हैया लाल, ऊपरकोट निवासी बाबू खान, टीला ऊपरकोट निवासी नूर पहलवान, बनिया पाड़ा निवासी देवकी देवी और गोविंदपुर निवासी भंवरपाल सिंह अपने मूल पते पर नहीं मिले। उन्होंने बताया कि पुलिस रिपोर्ट के आधार पर सभी आठों लोगों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।